Monday, 27 June 2016

बारिश से आया मलबा, 12 घंटे बंद रही जौनसार की लाइफ लाइन

बारिश में सैंसा पणायसा संपर्क मार्ग का मलबा बहकर जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर आ गया। इससे यातायात 12 घंटै तक बाधित रहा।

विकासनगर, [जेएनएन]: बारिश में सैंसा पणायसा संपर्क मार्ग का मलबा बहकर जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर आ गया। इससे यातायात 12 घंटै तक बाधित रहा। बीती रात करीब 11 बजे बंद हुए मार्ग को लोनिवि ने जेसीबी लगाकर आज सुबह करीब 11 बजे खोला। इस कारण भारी संख्या में पर्यटक, किसान व बागवान मार्ग में फंसे रहे।

बता दें कि लोनिवि द्वारा करीब साठ करोड़ रुपये की लागत से कालसी चकराता मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य कराया जा रहा है। उसके बाद भी यातायात सुगम नहीं है। बीती रात करीब 11 बजे बारिश के चलते सैंसा पणायसा संपर्क मार्ग का रोड कटिंग का मलबा भारी मात्रा में जौनसार बावर की लाइफ लाइन पर आ गया।

कालसी चकराता मार्ग पर गुतियाखड्ड से कोटीधार तक भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात बाधित हो गया। मैदानी इलाकों से चकराता, टाइगर फाल, लोखंडी, खडंबा, कोटी कनासर, देववन व हनोल जा रहे पर्यटक यहां फंस गए। 

लाइफ लाइन के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गयी, आज सुबह विभिन्न मंडियों में नगदी उपज टमाटर, मिर्च, गागली व आलू भेज रहे किसानों के वाहन भी जाम में फंसे रहे। लोनिवि के अधिशासी अभियंता मुकेश परमार ने आज सुबह मलबा हटवाने को जेसीबी लगायी। रविवार सुबह करीब 11 बजे मार्ग खुल पाया। मार्ग खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment