एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक बहुचर्चित व्यापम घोटाले को लेकर सीबीआई को इसमें कोई राजनीतिक साजिश के सबूत नहीं मिले हैं
नई दिल्ली। व्यापम घोटाले को लेकर निशाने पर रहे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को एक बड़ी राहत मिलती हुई दिख रही है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को व्यापम घोटाले में किसी भी प्रकार की "राजनीतिक साजिश" या "संगठित अपराध" के सबूत नहीं मिले हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, मध्यप्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) से जुड़े प्रवेश और भर्ती घोटाले में सीबीआई की जांच के दौरान पाया गया है कि इससे संबंधित 155 मामलों में ज्यादातर "व्यक्तिगत" मामले हैं।
इस जांच रिपोर्ट के जारी होने के बाद तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने की उम्मीद है। व्यापम में कई गवाहों और इससे जुड़े लोगों की संदिग्ध हालत में मौत होने के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की काफी आलोचना हुई थी और कांग्रेस तथा विपक्षी दलों ने इसे लेकर शिवराज सिंह चौहान से इस्तीफा भी मांगा था।
दिग्विजय सिंह और पी चिदंबरम जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने तो यहां तक आरोप लगाया था कि इस घोटाले में शिवराज सिंह चौहान और उनके पारिवारिक सदस्य शामिल हैं, जबकि भाजपा ने कहा था व्यापम में हुई मौतों से सीएम और उनकी पार्टी का कोई लेना देना नहीं है। 40 सदस्यों की एक विशेष सीबीआई टीम पिछले वर्ष जुलाई से व्यापम संबंधित अनियमिताओं की जांच कर रही है। सीबीआई व्यापम से जु़ड़ी हुई 17 मौतों, हत्याओं और संदिग्ध आत्महत्याओं की भी अलग से जांच कर रही है।
सीबीआई के शीर्ष सूत्रों के हवाले से टीओआई ने जानकारी दी है, "व्यापम घोटाले में किसी राजनीतिक साजिश या संगठित अपराध के कोई सबूत नहीं मिले हैं।" एक शीर्ष अधिकारी ने बताया, "अभी तक की जांच में अधिकतर व्यक्तिगत धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार से जुड़े हुए मामलों की पहचान हुई है इन्हें एक दूसरे से जोड़ना मुश्किल है। केवल कुछ ही मामले ऐसे हैं जिनमें आरोपी या बिचौलिया कॉमन है परंतु सारे केस जुड़े हुए नहीं हैं। हमारी जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि भ्रष्टाचार के अधिकतर मामले जूनियर स्तर पर हुए है ना कि राजनीतिक स्तर पर। हालांकि हम अभी भी फिंगर प्रिटिंग एक्सपर्ट और डिजीटल एक्सपर्ट की फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं जिसमें अभी समय लगेगा।"
सीबीआई प्रवक्ता देवप्रीत सिंह से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया, "अभी हमारी जांच चल रही है, हमने 155 एफआईआर दर्ज की हैं। व्यापम से जुड़े मामलों में 6 चार्जशीट फाइल की जा चुकी हैं।" सीबीआई ने इस मामले में कई बड़े नामों से भी पूछताछ की है जिनमें राज्य के पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा, धनराज यादव, मध्य प्रदेश के राज्यपाल राम नरेश यादव, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य गुलाब सिंह किरार, परीक्षाओं के व्यापम नियंत्रक सुधीर सिंह भदौरिया और पंकज त्रिवेदी के नाम शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment