Monday, 27 June 2016

फैशन और शौक के लिए नशा कर रहे युवा : मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का युवा फैशन और शौक के लिए नशा करता है। वह खुद को आधुनिक दिखाने के लिए नशा करने लगा है।

जागरण संवाददाता, हिसार। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज का युवा फैशन और शौक के लिए नशा करता है। वह खुद को आधुनिक दिखाने के लिए नशा करने लगा है। उन्होने कहा कि कानून बनाने से नशे पर अंकुश नहीं लगाया जा सकता बल्कि संस्करों के जरिए इसे रोका जा सकता है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर यहां गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम 'यूथ अगेनस्ट ड्रग्स' में पहुंचे थे। मनोहर लाल ने कहा कि परिवार, समाज व शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, तभी नशे पर काबू पाया जा सकेगा।

शराबबंदी का दिया उदाहरण

उन्होंने शराबबंदी का उदाहरण देते हुए समझाया कि जब हरियाणा में शराबबंदी हुई थी तो दो साल बाद ही हटानी पड़ी थी। क्योंकि युवाओं ने दो नंबर से शराब बेचने के धंधे को अपना लिया था। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर बस संस्कारों के माध्यम से ही किया जा सकता है।

'I Sopport Drug Free Haryana' कैंपेन लॉन्च

उन्होंने कहा कि नशे की लत से प्रदेश के युवाओं को बचाने के लिए 53 नशा मुक्ति केंद्र सरकार चला रही है। यदि जरुरत होगी तो ओर नशा मुक्ति केंद्र सरकार खोलेगी। इसके साथ ही एक हजार व्यायामशालाएं सरकार खोल रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 'आई स्पोर्ट ड्रग फ्री हरियाणा' के सोशल मीडिया पोर्टल का भी विमोचन किया।

जान से हाथ धो बैठेंगे तो नौकरी का क्या करेंगे

पुलिस भर्ती के दौरान कथित रूप से नशा लेकर दौड़ लगाते हुए दो युवाओं की मौत का गम मुख्यमंत्री के चेहरे पर साफ नजर आया। उन्होंने कहा कि अगर जान ही नहीं रहेगी तो ऐसी नौकरी का क्या करोगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा लेकर जीतने की प्रवृत्ति को रोकना होगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देना चाहिए। सरकार भी स्वस्थ प्रतियोगिता में विश्वास रखती है।

नशे के शिकार युवकों का आंकड़ा बड़ा नहीं : आईजी

आईजी ओपी सिंह ने कहा कि देश की 125 करोड़ की आबादी में 34 लाख युवा नशे के शिकार हैं। हालांकि यह बहुत बड़ा आंकड़ा नहीं है लेकिन फिर भी हमें सचेत रहने की जरूरत है। तभी भावी पीढ़ी को नशे की लत से बचाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि हिसार मंडल के 5 जिलों की आबादी 52 लाख है। जिनमें से 17 हजार युवा चोरी और नशे की प्रवृति के शिकार हैं। आईजी ने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने 50-50 मीटर केे दायरे की जिम्मेदारी लेकर नशे के खिलाफ अभियान चलाए तो यह अपने आप खत्म हो जाएगा।

पांच युवाओंं को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस मौके पर हिसार रेंज के पांच युवाओं को सम्मानित किया। ये युवा नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। इनमें फतेहाबाद के सुरेंद्र कुमार, हिसार के संदीप कुमार, सिरसा के जगदीश, जींद के रविंद्र और भिवानी के शिवा शामिल हैं।

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment