मुंबई। बाजारों पर ब्रेग्जिट का डर हावी है। यूरोपियन यूनियन से ब्रिटेन के अलग होने की खबर की आहट मिलते ही शेयर बाजार में कोहराम मच गया है। आज बाजार भारी गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहा है। सेंसेक्स करीब 1000 के करीब अंक टूटा है, वहीं, निफ्टी में 300 अंकों की गिरावट हुई। साथ ही बैंक निफ्टी भी करीब 650 अंक टूटा है और मिडकैप इंडेक्स भी 350 अंकों के नीचे आ गया है। टाटा ग्रुप के शेयरों में टाटा मोटर्स 11 फीसदी और डीवीआर 10 फीसदी टूटा है। वहीं टाटा स्टील का शेयर करीब 6 फीसदी लुढ़का है। कारोबार के दौरान मेटल शेयर सबसे ज्यादा टूटते नजर आ रहे हैं।
आज जापान का निक्केई 3.15 फीसदी गिरकर 15740 अंक के आसपास कारोबार रहा है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स करीब 1 फीसदी घटकर 2770 अंक के आसपास दिख रहा है। जबकि हैंगसेंग 3 फीसदी की कमजोरी के साथ 20270 अंक के नीचे दिख रहा है।
ताइवान का बाजार 1.75 फीसदी घटकर 8530 के नीचे कारोबार कर रहा है। जबकि कोस्पी 2.2 फीसदी गिरकर 1940 के करीब दिख रहा है। वहीं शंघाई कम्पोजिट 0.5 फीसदी की घटकर 2870 के आसपास कारोबार कर रहा है। जबकि एसजीएक्स निफ्टी 2.5 फीसदी की गिरावट के साथ 8090 के आसपास नजर आ रहा है।
रुपया औंधे मुंह गिरा
करेंसी बाजार पर भी ब्रेग्जिट का असर हावी हो गया है। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की शुरुआत आज भारी गिरावट के साथ हुई है और रुपया 1 मार्च 2016 के बाद सबसे कमजोर स्तर पर पहुंच गया है।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 66 पैसे की भारी गिरावट के साथ 67.91 के स्तर पर खुला है। वहीं कल यानि गुरुवार के कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे की मजबूती के साथ 67.24 पर बंद हुआ था।
गुरुवार को भी बुरा असर
बाजारों पर ब्रेग्जिट का डर हावी है। यूएस फ्यूचर्स में 2 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। हालांकि कल के कारोबार में अमेरिकी बाजार चढ़कर बंद होने में सफल रहे हैं। लेकिन यूरोपीय अमेरिकी बाजार के फ्यूचर्स में तेज गिरावट देखने को मिली है। उधर ब्रेक्सिट पर वोटों की गिनती जारी है पूरा फैसला 11.30 बजे तक आएगा। अब तक की गिनती में ब्रेग्जिट होने की संभावना बढ़ी है। वहीं, अमेरिका में साप्ताहिक बेरोजगारी आंकड़ों में गिरावट जारी है। जबकि मई में नए घरों की बिक्री 6 फीसदी घटी है।
गुरुवार के कारोबारी सत्र में डाओ जोंस 230.24 अंक यानी 1.29 फीसदी बढ़कर 18011.07 पर, एसएंडपी-500 इंडेक्स 27.87 अंक यानी 1.34 फीसदी मजबूती के साथ 2113.32 पर और नैस्डेक 76.72 अंक यानी 1.59 फीसदी की बढ़त के साथ 4910.04 पर बंद हुआ।
No comments:
Post a Comment