Thursday, 16 June 2016

Result Scam : लालकेश्वर के लंदन भागने की चर्चा, वारंट जारी, PA सहित तीन गिरफ्तार

बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद रिजल्ट घोटाला के सिलसिले में फरार हैं। कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया है। इस बीच पुलिस ने उनके पीए अनिल को गिरफ्तार कर लिया है।

पटना [वेब डेस्क]। बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट घोटाला के बाद विवादों से घिरे बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद पद से इस्तीफा देने के बाद फरार हैं। खबर है कि वे पत्नी डॉ.उषा सिन्हा के साथ लंदन भाग सकते हैं। उनका एक बेटा लंदन में ही रहता है।

बताते हैं कि वे आठ जून की रात में दिल्ली के लिए निकल गए। पुलिस को सूचना मिली थी, लेकिन कार्रवाई में विलंब के कारण वे भागने में सफल रहे। लंदन भागने या भागने की तैयारी की आशंका के बीच एसएसपी ने उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस का आग्रह करते हुए विभिन्न हवाई अड्डों पर सघन जांच का आग्रह एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र भेजकर किया है।

इस बीच पुलिस की ओर से आवेदन मिलने पर आज सिविल कोर्ट ने उनके खिलाफ वारंट निर्गत कर दिया।

पीए सहित तीन गिरफ्तार, 22 हुए निलंबित

इस बीच लालकेश्वर प्रसाद के पीए अनिल सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनसे घोटाले तथा लालकेश्वर प्रसाद के ठिकाने के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि वह जल्दी ही लालकेश्वर तक पहुंच जाएगी।

इस बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बोर्ड के 22 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान ये सभी लोग अनुपस्थित मिले थे।

पुलिस की लापरवाही से मिला मौका

सूत्र बताते हैं कि बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद ने राजधानी एक्सप्रेस से भागने का प्लान बनाया था। लेकिन, अंतिम समय में उन्होंने प्लान बदलकर पहले ही निकल जाने का फैसला किया। लालकेश्वर की फरारी की आशंका के बावजूद नामालूम कारणों से पुलिस अलर्ट नहीं रही। इसका फायदा उठा वे भागने में सफल रहे।

पुलिस पहुंची, लेकिन पहले निकल चुके थे लालकेश्वर

बीते आठ जून को राजधानी एक्सप्रेस के रवाना होने के समय एसएसपी मनु महाराज पुलिस टीम के साथ पटना जंकशन पहुंचे, लेकिन इससे पहले लालकेश्वर की ट्रेन आगे निकल चुकी थी। जिस समय पुलिस राजधानी एक्सप्रेस में छानबीन कर रही थी, उस समय लालकेश्वर मुगलसराय क्रॉस कर चुके थे। बाद में पुलिस ने अन्य ट्रेनों की आरक्षण सूची की भी जांच की, लेकिन उनके नाम से बर्थ आरक्षित होने की पुष्टि नहीं हो सकी।

पुलिस कार्रवाई की भनक लगी तो छोड़ दी ट्रेन

सूत्र बताते हैं कि उन्होंने पकड़े जाने के डर से आरक्षित टिकट नहीं लिया था। ऐसे में उन्होंने टीटीई को जुर्माना देकर मुगलसराय तक की यात्रा की। मुगलसराय में जब उन्हें पटना जंक्शन पर उनकी खोज में हो रही पुलिस कार्रवाई का पता चला तो उन्होंने पकड़े जाने के डर से ट्रेन को छोड़ दिया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से वाराणसी पहुंचे, फिर वहां से गोरखपुर में अपने किसी निकटवर्ती व्यक्ति के घर छुपे रहे।

गोरखपुर से भाग गए दिल्ली

बच्चा राय के पुलिस के सामने सरेंडर व उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब उनके आवास पर दिन में चार बार पुलिस पहुंची, तो लालकेश्वर ने गोरखपुर से दिल्ली भाग जाने में ही भलाई समझी। सूत्रों के अनुसार लालकेश्वर के रिजल्ट घोटाला की ही आरोपी अपनी पत्नी ऊषा सिन्हा के साथ दिल्ली में छुपे होने की संभावना है। पटना पुलिस भी ऐसा ही मानकर चल रही है। पुलिस टीम दिल्ली जाने की तैयारी में है।

कोर्ट के आदेश से बढ़ा दबाव

अब कोर्ट ने लालकेश्वर को फरार घोषित कर दिया है। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। निश्चित तौर पर इससे लालकेश्वर पर दबाव बढ़ेगा। अब देखना यह है कि वे कब सामने आते हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करती है या वे कोर्ट में सरेंडर करते हैं। फिलहाल, उनका कोई पता नहीं चल रहा और उनका मोबाइल फोन भी बंद है।

No comments:

Post a Comment