Thursday, 16 June 2016

फेसबुक ने इस शांत देश में करवा दिया युद्ध, मांगनी पड़ी माफी!

मनीला। छोटी-मोटी गलतियां कई बार भयंकर साबित होती हैं। ऐसी ही एक गलती फेसबुक से हुई। सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने ऐसी गलती की कि शांत देश के तौर पर जाने जाने वाले फिलीपींस को युद्धग्रस्त दिखा दिया। इस गलती के लिए फेसबुक को माफी भी मांगनी पड़ी है।

फेसबुक ने दरअसल, फिलीपींस के झंडे को उल्टा दिखा दिया था। फिलीपींस के कानून के तहत देश का झंडा सिर्फ युद्ध के समय ही उल्टा किया जा सकता है। इसीलिए अब फेसबुक ने फिलीपींस के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देश के ध्वज को गलती से उल्टा दिखाने के लिए माफी मांगी है।

फेसबुक ने बयान जारी कर कहा कि ये अनजाने में हुआ था और हमें इसके लिए खेद है। हम तह-ए-दिल से फिलीपींस के समुदाय की परवाह करते हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोगों के साथ जुड़ने की कोशिश में हमसे यह गलती हुई है।

इससे पहले, फेसबुक ने उपयोगकर्ताओं के टाइमलाइन पर शुभकामना संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था कि स्वतंत्रता दिवस की बधाई! सभी फिलीपीनियों को स्वास्थ्य, खुशियों और संपन्नता की शुभकामनाएं। लेकिन फेसबुक के इस संदेश के साथ दिख रहा फिलीपींस का ध्वज उल्टा था, जो तत्काल वायरल हो गया।

ध्वज में रंग उल्टे क्रम में दर्शाए गए थे -ऊपर लाल और नीचे नीला। फिलीपीनी कानून के अनुसार युद्ध की स्थिति में ही ध्वज को इस प्रकार दिखाया जाना चाहिए।

बता दें कि फिलीपींस ने 12 जून को मनीला के ऐतिहासिक शहरी पार्क में स्पेन से स्वतंत्रता की 118वीं वर्षगांठ मनाई थी। समारोह में राष्ट्रपति बेनिग्नो एक्वि नो तृतीय ने ध्वजारोहण किया था।

No comments:

Post a Comment