भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि जब से महागठबंधन सरकार सत्ता में आयी है तब से मुख्यमंत्री एकसूत्री कार्यक्रम के तहत लालू प्रसाद के मुकदमों का निपटारा करने में जुटे है।
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को महागठबंधन सरकार को घेरने की रणनीति तय करने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के आह्वान के बीच संपन्न हो गई।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय व तमाम आला नेताओं ने बिहार में ध्वस्त कानून व्यवस्था, मेरिट घोटाला और राजद प्रमुख लालू प्रसाद को बचाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जमकर आड़े हाथ लिया। मंगल पांडेय ने कहा कि जब से महागठबंधन सरकार सत्ता में आयी है तब से मुख्यमंत्री एकसूत्री कार्यक्रम के तहत लालू प्रसाद के मुकदमों का निपटारा करने में जुटे हैं।
उन्होंने सचिवालय से चारा घोटाले की फाइलें गायब होने के मसले पर नीतीश कुमार की चुप्पी को लेकर सवाल खड़ा किया।
माह के अंत में प्रदेश अध्यक्ष का फैसला
मंगल पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 25 जून तक संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। केंद्रीय नेतृत्व माह के अंत तक नये प्रदेश अध्यक्ष का भी निर्णय कर लेगा।
इससे पूर्व आखिरी दिन कार्य समिति को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार की एक-एक उपलब्धियों जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने ध्वस्त कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। दूसरे दिन कार्यसमिति में मुख्य रूप से प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष संजय मयूख, प्रदेश महामंत्री सूरज नंदन कुशवाहा, सुधीर शर्मा, मुख्य प्रवक्ता विनोद नारायण झा के अलावा कार्य समिति सदस्य गंगा पांडेय सहित तमाम नेता मौजूद थे।
नहीं आए केंद्रीय मंत्री
प्रदेश कार्य समिति में शामिल केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, राजीव प्रताप रूडी और गिरिराज सिंह नहीं आए।
पार्टी के आगामी कार्यक्रम
21 जून को विधानसभा स्तर पर योग दिवस का आयोजन।
23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर बूथ स्तरीय कार्यक्रम।
25 जून को लोकतंत्र बचाओ दिवस के रूप जिला स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन।
- 1 से 5 जुलाई तक प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षक प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम
-15 से 30 जुलाई तक मंडल सह प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम
-1 से 10 अगस्त तक जिला प्रशिक्षक -प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम
- 25 सितम्बर से 2 अक्टूबर घर-घर संपर्क अभियान
- 28 एवं 29 सितम्बर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
No comments:
Post a Comment