Sunday, 21 February 2016

दिव्यांगों के लिए चालक रहित साइकिल

दिव्यांगों के लिए चालक रहित साइकिल

कोलकाता। आईआईटी खड़गपुर के छात्रों के एक समूह ने बिना चालक वाली साइकिल तैयार की है, जो दिव्यांगों के लिए बहुत उपयोगी है। संस्थान के विभिन्न विभागों के 13 छात्रों की टीम ने इस साइकिल का डिजाइन तैयार किया है। इस संबंध में आईआईटी खड़गपुर के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र आयुष पांडे ने बताया कि यह साइकिल स्वचालित है, साथ ही खुद भी इसे चला सकते हैं।

मुख्य रूप से दिव्यांगों के लिए तैयार इस साइकिल को इस प्रकार से डिजाइन किया गया है कि किसी मुसीबत की स्थिति में स्टीयरिंग या पैडलिंग का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। आयुष के मुताबिक यह विशेषकर नेत्रहीनों, जिनके हाथ-पैर ठीक हैं, उनके काफी काम आएगा।

आयुष ने सर्वप्रथम अक्टूबर, 2014 में इस पर काम शुरू किया था। उनका कहना है कि तीन प्रकार की खूबियों के कारण यह साइकिल दुनिया भर में उपयोग के लिए आदर्श सिद्ध होगी। इसमें वाई-फाई कनेक्टिविटी समेत अन्य हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

इसमें वायरलेस टेलीफोन नेटवर्क के सहारे ट्रैकिंग तंत्र व नियंत्रण की सुविधा है। साइकिल तैयार करने वाली टीम ने दावा किया है कि दुनिया में कहीं भी इस प्रकार के उत्पाद का इससे पहले ईजाद नहीं हुआ है। छात्रों के अनुसार इस साइकिल को तैयार करने में करीब 30 हजार रुपये की लागत आती है।

No comments:

Post a Comment