Saturday, 6 February 2016

व्यापम पर फिर लगा गड़बड़ी का आरोप, छात्रों ने जमकर किया हंगामा

व्यापम पर फिर लगा गड़बड़ी का आरोप, छात्रों ने जमकर किया हंगामा

भोपाल। मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2015 के परिणाम में बड़ी चूक सामने आई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के 40 घंटे बाद व्यापम ने अपनी वेबसाइट पर अचानक नया परीक्षा परिणाम अपलोड कर दिया, जिससे डेढ़ लाख से अधिक ऐसे छात्र जो पहले शारीरिक परीक्षा और साक्षात्कार के लिए पात्र घोषित कर दिए गए थे, वो अब बाहर हो गए।

जैसे ही परीक्षार्थियों को इस बात का पता चला, वो सकते में आ गए। सोमवार दोपहर 12 बजे से व्यापम के सामने बड़ी संख्या में परीक्षार्थी जमा होने लगे। उन्होंने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उन्हें शांत करने के लिए पुलिस को हल्का लाठी चार्ज करना पड़ा।

उधर, व्यापम अधिकारियों का कहना है कि प्रोग्रामर की गलती से सभी छात्रों के परिणाम अपलोड हो गए थे। परीक्षा परिणामों में कोई गड़बड़ी या बदलाव नहीं हुआ है। व्यापम ने वनरक्षक के 2148 पदों के लिए 16 अगस्त 2015 को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा ऑफलाइन हुई थी। इसमें पांच लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

व्यापम ने इसका परीक्षा परिणाम 30 जनवरी की शाम सात बजे जारी किया था। जिसमें डेढ़ लाख से अधिक परीक्षार्थियों को भर्ती के लिए पात्र बता दिया गया था। इसके बाद सोमवार सुबह 11 बजे वेबसाइट पर फिर से परीक्षा परिणाम अपलोड किया गया। परीक्षार्थियों ने इस बड़ी गड़बड़ी को लेकर व्यापम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस फर्जीवाड़े में पहले जो परीक्षार्थी अपात्र थे, उन्हें बाद में पात्र कर दिया गया है।

नियमानुसार पदों से तीन गुना उम्मीदवारों को भर्ती के योग्य मानते हुए मेरिट के आधार पर रिजल्ट जारी किया जाना था। व्यापम अधिकारियों की गलती से परीक्षा में पास सभी परीक्षार्थियों को भर्ती के लिए पात्र बताकर रिजल्ट जारी कर दिया गया। इससे डेढ़ लाख से अधिक परीक्षार्थी पात्र हो गए।गड़बड़ी के बाद व्यापम ने प्रोग्रामर अशोक देवनानी को सस्पेंड कर दिया है।

व्यापम के परीक्षा नियंत्रक आलोक चौबे का कहना है कि प्रोग्रामर ने गलती से आवंटन की जगह पात्रता वाला सॉफ्टवेयर चला दिया, जिससे परीक्षा में पास सभी परीक्षार्थी पात्र हो गए। व्यापम की वेबसाइट पर सोमवार को अपलोड मेरिट लिस्ट के आधार पर ही अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। वन विभाग इसके आधार पर शारीरिक परीक्षा लेकर उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाएगा।

No comments:

Post a Comment