वर्ल्ड टी-20 में फिट होने के लिए हैमस्ट्रिंग की सर्जरी नहीं कराएंगे फिंच
सिडनी। ऑस्ट्रेलियाई टी-20 टीम के कप्तान एरोन फिंच को हैमस्ट्रिंग की सर्जरी कराने की जरूरत नहीं है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने साथ ही उम्मीद जताई कि अगले महीने भारत में होने वाले वर्ल्ड टी-20 से पहले कप्तान पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
ओपनिंग बल्लेबाज को शुक्रवार को मेलबर्न में भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 में एक रन चुराते समय हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। 29 वर्षीय बल्लेबाज को पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते समय भी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। सीए के फिजियोथैरेपिस्ट एलेक्स कोंटूरिस ने एक बयान में कहा- एरोन के बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग का स्कैन किया गया, जिसमें पाया गया कि यह ज्यादा गंभीर चोट नहीं है। इसमें सर्जरी की जरूरत नहीं है। मगर उन्हें खेलने से पहले पर्याप्त रिहैब की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य भारत में होने वाले वर्ल्ड टी-20 से पहले एरोन को फिट करना है। आगामी सप्ताहों में हम उनकी फिटनेस पर नजर रखेंगे ताकि वह टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह फिट हो सके। फिंच भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 में नहीं खेले थे, जिसे मेहमान टीम ने 3-0 से जीती। इसके अलावा वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी महीने वन-डे सीरीज से बाहर हो गए हैं।
अब तक वर्ल्ड टी-20 का खिताब नहीं जीत सकी ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप दो में रखा गया हैं जहां उसका सामना न्यूजीलैंड, भारत, पाकिस्तान और क्वालिफायर से होगा। वर्ल्ड टी-20 आठ मार्च से शुरू होगा और तीन अप्रैल को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
No comments:
Post a Comment