Saturday, 6 February 2016

सूरजकुंड में हस्तशिल्पियों का 30वां महाकुंभ शुरू

सूरजकुंड में हस्तशिल्पियों का 30वां महाकुंभ शुरू

फरीदाबाद, बिजेंद्र बंसल। अरावली की वादियों से घिरे सूरजकुंड में सोमवार को 30वां अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला शुरू हो गया। 15 फरवरी तक चलने वाले मेले में इस बार दर्शक दक्षिण भारत के नए राज्य तेलंगाना (थीम स्टेट) की प्राचीन हस्तशिल्प और लोक कलाओं से रू-ब-रू होंगे।

वहीं फोकस कंट्री के रूप में हिस्सा ले रहे चीन व जापान की हस्तशिल्प व लोक कलाएं देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर खींच रही हैं।मेला परिसर में घुसते ही सभी ऋतुओं की झलक दिखाई पड़ती है। दिल्ली-हरियाणा सीमा पर करीब 40 एकड़ भूमि पर फैला सूरजकुंड मेला कश्मीर से कन्याकुमारी ही नहीं बल्कि रूस, थाईलैंड, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, नेपाल, लेबनान, मलेशिया जैसे 23 प्रमुख देशों के हस्तशिल्प, लोक कला व संस्कृति समेटे हुए है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुबह हरियाणा पर्यटन निगम के ब्रांड एंबेसडर व बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के साथ मेले का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए इको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही संपन्न हुई अपनी चीन यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की एक बड़ी कंपनी के साथ इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस अवसर पर रेल मंत्री सुरेश प्रभु व केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर भी मौजूद थे। राज्य के शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा व तेलंगाना के पर्यटन मंत्री अंजमीरा चंदूलाल ने अपने-अपने प्रदेशों की सांस्कृतिक विविधता, सांस्कृतिक विरासत तथा लोक कलाओं की जानकारी दी।

No comments:

Post a Comment