नई दिल्ली, प्रेट्र: प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आइआइटी) अब अपने विभिन्न संकायों में भर्ती के लिए जनवरी माह से विदेश में भर्ती अभियान चलाएगा। अपनी ग्लोबल रैंकिंग सुधारने और प्रतिभाशाली शिक्षकों को आकर्षित करने के लिए इस आशय का फैसला किया गया है। आइआइटी दिल्ली के निदेशक वी रामगोपाल राव ने बताया कि संस्था की विश्र्व रैंकिंग सुधारने के लिए यह आवश्यक माना गया है कि भारतीय कैंपस में प्रतिभाशाली विदेशी शिक्षक पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि विदेश में एक अभियान हम पहले ही चला चुके हैं लेकिन वह केवल भारतीय मूल के छात्रों को आकर्षित करने के लिए था। हमारा लक्ष्य है कि दिल्ली आइआइटी में शोध छात्रों की संख्या अगले तीन साल के दौरान ढाई हजार से बढ़ कर पांच हजार की जाए। डीटीएच से कोचिंग क्लास: राव ने बताया कि प्रशिक्षण संस्थानों पर निर्भरता कम करने तथा डिजिटल इंडिया की अवधारणा को सामने रखते हुए आइआइटी के प्रोफेसर अब चार डीटीएच चैनलों पर इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के इच्छुकों के लिए कोचिंग क्लास लगाएंगे। ये चैनल दूरदर्शन द्वारा फ्री डिश डीटीएच प्लेटफार्म पर उपलब्ध होंगे तथा इच्छुकों को केवल सेट टॉप बॉक्स खरीदना होगा। इस प्रयास को आइआइटी-पीएएल (प्रोफेसर असिस्टिड लर्निग) नाम दिया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा गरीबों को भी उचित प्रशिक्षण दे पाना संभव होगा।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment