नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर और दरभंगा से बीजेपी के सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं. पूनम आजाद ने बीजेपी से नाता तोड़ने के फैसले को भारी मन से लिया गया फैसला बताया.
पूनम आजाद ने कहा, ”पच्चीस साल आपने जिस पार्टी को दिए हों छोड़ना आसान नहीं होता है. मैं आम आदमी पार्टी से इसलिए जुड़ रहीं क्योंकि यहां मुझे अलग तरह की राजनीति दिखाई देती है. यहां मुझे भविष्य दिखाई देता है, खासकर इस पार्टी में युवाओं का भविष्य है. अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने दिल्ली की 70 में से 67 सीट पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया.”
वित्तमंत्री अरुण जेटली पर लगाए गंभीर आरोप
पूनम आजाद ने आम आदमी पार्टी को ज्वाइन करने के पीछे वित्त मंत्री अरुण जेटली पर आरोप लगाया. पूनम आजाद ने कहा, “मुझे और मेरे पति को वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बहुत परेशान किया है. उनिहोंने जानबूझ कर मेरा टिकट कई बार काटा है. वो सामने कुछ कहते हैं और पीछे कुछ कहते हैं. पीएम मोदी आज नोटबंदी के जरिए भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कर रहे हैं लेकिन जब मेरे पति कीर्ति आजाद ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई थी उन्हें पार्टी से सस्पेंड कर दिया गया.”
आम आदमी पार्टी ने पहले दी थी जानकारी
इससे पहले, पूनम आज़ाद के आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता संजय सिंह ने कहा था कि पार्टी में उनको अहम जिम्मेदारी दी जाएगी. संजय सिंह ने कहा था कि पूनम आजाद के आने से पार्टी मजबूत होगी, महिला शक्ति को बढ़वा मिलेगा. साथ ही पूर्वांचल के लोगों के बीच पार्टी की जड़ें मजबूत होंगी.
आपको बता दें कि पूनम आज़ाद के पति कीर्ति आजाद बिहार के दरभंगा से बीजेपी के सांसद हैं, लेकिन बीते कई महीनों से पार्टी से नाराज़ चल रहे हैं और कई बार पार्टी लाइन से हटकर बयानबाज़ी करते रहे हैं. दिल्ली के डीडीसीए घोटाले को लेकर कीर्ति आजाद के निशाने पर वित्त मंत्री अरुण जेटली हैं.
खास बात ये है कि इससे पहले भी क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने बीजेपी छोड़ दी थी और अब क्रिकेटर से राजनेता बने कीर्ति आजाद की पत्नी ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है. पूनम आजाद के आम आदमी में जाने के बाद अब ये चर्चा शुरू हो गई है कि क्या देर सबेर कीर्ति आजाद भी बीजेपी छोड़ेंगे.
Courtesy:abplive.in
No comments:
Post a Comment