वाशिंगटन, प्रेट्र/रायटर : 20 जनवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप ने दो नई नियुक्तियां की है। वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार 62 वर्षीय रिपब्लिकन सांसद टॉम प्राइस स्वास्थ्य मंत्री होंगे। संसद की बजट समिति के अध्यक्ष प्राइस ओबामा हेल्थ केयर एक्ट के धुर विरोधी रहे हैं। ट्रंप की सत्ता हस्तांतरण टीम के अनुसार सीमा वर्मा सेंटर फॉर मेडिकेयर एंड मेडिकएड सर्विसेज (सीएमएस) की प्रमुख होंगी। सीएमएस सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों और बीमा मानकों पर नजर रखती है। अमेरिका की पहली उपभोक्ता निर्देशित चिकित्सा सहायता कार्यक्रम इंडियाना हेल्थ प्लान वर्मा की दिमाग की ही उपज है। प्राइस और वर्मा दोनों की नियुक्ति पर सीनेट की मंजूरी जरूरी है। गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप ने कहा था कि सत्ता में आने पर वह ओबामा केयर को रद कर देंगे, क्योंकि इस पर होने वाले खर्च से अमेरिकी अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। इस योजना के तहत जनता को स्वास्थ्य बीमा और सस्ता इलाज मुहैया कराया जाता है। प्राइस ने इसका विरोध करते हुए एक वैकल्पिक योजना पेश की थी जो ट्रंप के दृष्टिकोण से मेल खाती है। दूसरी भारतवंशी : ट्रंप प्रशासन में नियुक्ति पाने वाली वर्मा दूसरी भारतवंशी हैं। पिछले सप्ताह साउथ कैरोलिना की गवर्नर निक्की हेली को ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी दूत के पद पर नियुक्त किया था। इनके अलावा लुसियाना के पूर्व गवर्नर बॉबी जिंदल और कैलिफोर्निया से रिपब्लिकन पार्टी की नेता हरमीत ढिल्लन को भी नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के प्रशासन में अहम जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद है। जिंदल स्वास्थ्य मंत्री बनने की दौड़ में भी थे। विदेश मंत्री की दौड़ में पेट्रायस ट्रंप ने सीआइए के पूर्व प्रमुख डेविड पेट्रायस से मुलाकात की। मैनहट्टन के ट्रंप टॉवर में दोनों के बीच सोमवार को करीब एक घंटे चर्चा हुई। कई घोटाले में फंस चुके पेट्रायस अमेरिका के जाने-माने जनरलों में शामिल हैं। इराक में हवा का रुख मोड़ने का श्रेय उन्हें ही दिया जाता है। मिट रोमनी के नाम पर ट्रंप के सलाहकारों में मतभेद पैदा होने के बाद से वे विदेश मंत्री बनने की दौड़ में बताए जा रहे हैं। बैठक के बाद ट्रंप ने ट्वीट कर बताया कि वे रिटायर जनरल से बेहद प्रभावित हुए। भारतीय कारोबारी से मिले ट्रंप ने भारतीय मूल के शीर्ष रियल एस्टेट कारोबारी संदीप मथरानी से मुलाकात की। 54 वर्षीय मथरानी जनरल ग्रोथ प्रोपर्टीज के सीईओ हैं। उनके नए प्रशासन में शामिल होने की संभावना है। मथरानी निवर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा के गृहनगर शिकागो से आते हैं। शिकागो बिजनेस के अनुसार मथरानी ने पिछले साल 3.92 करोड़ डॉलर (करीब 269 करोड़ रुपये) की कमाई की है जो रियल एस्टेट निवेश क्षेत्र के किसी भी अन्य सीईओ से ज्यादा है।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment