बेंगलुरु, प्रेट्र। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी के फैसले का विरोध कर रहे विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले ने राहुल, ममता जैसे कई नेताओं की नींद उड़ा दी है। खुद को बचाने के लिए सांप और नेवले में भी दोस्ती हो गई है। बेंगलुरु में भाजपा की ओबीसी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, दोस्तों, नोटबंदी से उन लोगों को तकलीफ हुई है, जिनका कालाधन एक झटके में खत्म हो गया। फैसले ने राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल की रातों की नींद उड़ा दी है। इनके चेहरे की रौनक भी छिन गई है। शाह ने कहा, 7 नवंबर तक सपा, बसपा व कांग्रेस जैसी विपक्षी पार्टियां और ममता, केजरीवाल जैसे नेता कालेधन पर सरकार के कदमों पर सवाल उठा रहे थे। 8 नवंबर की आधी रात से उनकी भाषा बदल गई है। अब वे नोटबंदी पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने नोटबंदी के खिलाफ विपक्ष के एकजुट होने पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि यह बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। जहां खुद को बचाने के लिए चूहा, बिल्ली, सांप और नेवला सब एक पेड़ पर शरण ले लेते हैं। उस स्थिति में इनमें भी एकता हो जाती है। शाह ने नोटबंदी का समर्थन करने के लिए नीतीश कुमार की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा, मैं कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार के कदम का समर्थन करने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक के लोगों से सिद्दरमैया के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment