नई दिल्ली,एएनआई । कल से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र से पहले मंगलवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार व अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।विपक्षी दलों के प्रमुख नेताओं ने सरकार से कई मुद्दों पर संसद सत्र के दौरान चर्चा की बात कही। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा चुनाव एक साथ कराए जाने की संभावनाओं पर विचार किए जाने की बात कही। अनंत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी ने सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर साथ आकर उन्हें समर्थन देना चाहिए। राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि विपक्ष साथ मिलकर जरूरी मुद्दे उठाएंगे। आजाद ने सरकार के नोटबंदी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे भारत में ऐसा कोई शख्स नहीं है, जो इस वक्त नोटबंदी से परेशान न हो। यह आज तक का सबसे बड़ा स्कैम है। शीतकालीन सत्र सरकार के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण होनेवाला है। मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले को लेकर जनता को हो रही दिक्कतों को कांग्रेस समेत तमाम दल सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे। सर्जिकल स्ट्राइक, पाक द्वारा लगातार किए जा रहे सीजफायर उल्लंघन का मुद्दा सत्र को हंगामेदार बना सकता है।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment