Friday, 25 November 2016

ट्रंप के बाबा भी अमेरिका में अवैध रूप से आए थे

बर्लिन, प्रेट्र। अमेरिका में बाहर से आए लोगों के प्रति नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कड़े रुख के जवाब में एक जर्मन इतिहासकार का दावा है कि ट्रंप के बाबा भी जर्मनी से अवैध तरीके से अमेरिका गए थे। इसलिए ट्रंप का परिवार भी अमेरिका में कभी अवैध आव्रजक ही था, जो बाद में अमेरिकी नागरिक बन गया। इतिहासकार रोलैंड पॉल के मुताबिक जर्मनी में 20 वीं सदी की शुरुआत में नागरिकों के लिए आवश्यक सैन्य सेवा का नियम था लेकिन डोनाल्ड ट्रंप के बाबा फ्रेडरिक ट्रंप ने वह सेवा नहीं की। उस दौरान वह देश से बाहर कारोबार में व्यस्त थे। उन्होंने अमेरिका की नागरिकता भी ले ली थी। जब इसकी जानकारी जर्मन अधिकारियों को हुई तो उन्होंने 1905 में एक पत्र जारी करके इस बाबत उनसे सवाल पूछे। कहा, जर्मनी की नागरिकता छोड़े बगैर आपने कैसे अमेरिका की नागरिकता ले ली ? पूछा गया कि सैन्य सेवा न करने पर क्यों न उन्हें देश से बाहर निकाल दिया जाए ? फ्रेडरिक को उचित जवाब न देने पर आठ हफ्ते के भीतर जर्मनी छोड़ने के लिए कहा गया था। इतिहासकार पॉल के मुताबिक इस पत्र से साफ है कि फ्रेडरिक जर्मनी सरकार की जानकारी के बगैर अमेरिका गए थे। इस लिहाज से वह भी अमेरिका में अवैध आव्रजक थे। बाद में फ्रेडरिक ने अमेरिका में रेस्टोरेंट और बोर्डिग हाउस बनाकर अपना कारोबार शुरू किया। पॉल ने कहा है कि ट्रंप अब बाहर से आए लोगों पर हमलावर हैं लेकिन उन्हें सोचना चाहिए एक समय उनका परिवार भी इसी तरह से अमेरिका आया था। उन्हें बाहरी लोगों के प्रति सहानुभूति वाला व्यवहार रखना चाहिए। डोनाल्ड ट्रंप के कार्यालय ने इतिहासकार के दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की है। 

Courtesy:jagran.com

No comments:

Post a Comment