रियो डि जेनेरियो, रायटर । ब्राजील के रियो डि जेनेरियो प्रांत के पूर्व गवर्नर सर्जियो काबरेल को फुटबाल वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के लिए बनी इमारतों व स्टेडियम के निर्माण में गड़बड़ी के लिए गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। ब्राजील में टूर्नामेंट का आयोजन 2014 में हुआ था। जांचकर्ताओं ने पाया कि काबरेल ने कुछ लोगों के समूह के साथ मिलकर 64 मिलियन डॉलर (करीब 435 करोड़ रुपये) का भ्रष्टाचार किया। समूह के कई अधिकारी शामिल थे जो निर्माण का ठेका उठाने इत्यादि का कार्य करते थे। वह भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार होने वाले देश के सबसे बड़े नेताओं में से एक हैं। गिरफ्तारी की सूचना पर उनका विरोध करने के लिए भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनकारी एकत्र हो गए। उन्होंने काबरेल के साथ हाथापाई करने की कोशिश भी की। काबरेल ने अपने गिरफ्तारी पर कुछ नहीं कहा है। देश में कार वाश के नाम से चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सरकारी तेल कंपनी पेट्रोब्रास में गड़बड़ी के आरोप में इसी साल राष्ट्रपति डिलमा रोसेफ को पद छोड़ना पड़ा था। काबरेल को रोसेफ का खास माना जाता है। वह मौजूदा राष्ट्रपति माइकेल टेमर की पार्टी ब्राजीलियन डेमोक्रेटिक मूवमेंट पार्टी के सक्रिय सदस्य भी हैं।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment