नई दिल्ली: केंद्र सरकार के नोट-बैन के फैसले से बैंकों में नकदी की मात्रा काफी ज्यादा बढ़ी है। निजी क्षेत्र के एक्सिस बैंक का कहना है कि मोदी सरकार के इस फैसले से बैंक की कैश राशि में बड़ा इजाफा हुआ है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि आने वाले कुछ महीनों में बैंक ब्याज दरों में कमी कर सकते हैं। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को केंद्र सरकार की तरफ से लिए गए नोट बैन के फैसले के बाद से ही बड़े पैमाने पर लोगों ने नकदी जमा कराई है, इसके चलते वित्तीय संस्थाओं की आर्थिक सेहत में सुधार हुआ है। ऐक्सिस बैंक के रिटेल बैंकिंग हेड राजीव आनंद ने बताया, एक समय में सेविंग और चालू खातों में बहुत कम राशि जमा थी। लेकिन अब इनमें बढ़ोतरी के चलते हमारे लोन की कीमतें सस्ती हो सकती हैं। ऐक्सिस बैंक के इस बयान को उन लोगों के लिए बेहतर माना जा रहा है, जो लंबी लाइनों में लगकर अपने पैसे को जमा करा रहे हैं। हालांकि ग्राहकों की सुविधा के लिए बैंकों ने शनिवार और रविवार को भी बैंक खोलने जैसी कई तरह की सहूलियतें भी दी हैं। शुक्रवार शाम तक देशभर के बैंकों में जमा हुए इतने रुपए: एक रिपोर्ट के मुताबिक शुक्रवार की शाम तक देश भर में बैंकों में 60,000 करोड़ रुपए जमा हुए। समय के साथ इस राशि में लगातार बड़ा इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है। डोमेस्टिक रेटिंग एजेंसी आईसीआरए ने जमा के ब्याज में 0.3 से लेकर 0.10 पर्सेंट तक की कमी का अनुमान जताया है। जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज में कटौती को बैंक लोन के इंटरेस्ट में कमी करते हुए लोगों को फायदा पहुंचाने पर विचार कर सकते हैं।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment