Monday, 21 November 2016

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड गठित करेगा महिला विंग

कोलकाता, (राज्य ब्यूरो)। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड (एआइएमपीएलबी) ने तीन तलाक के प्रचलन को खत्म करने के किसी भी प्रयास का विरोध करने के लिए महिला विंग गठित करने का निर्णय लिया है। यह विंग मुस्लिम औरतों से जुड़े अन्य मामलों के समाधान करने पर भी विचार करेगा। एआइएमपीएलबी ने पहली बार महिला विंग गठित करने का निर्णय लिया है। रविवार को कोलकाता में संपन्न हुए बोर्ड के तीन दिवसीय सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया। सम्मेलन के अंतिम दिन तीन तलाक के प्रचलन को बनाए रखने के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया। बोर्ड का मानना है कि केंद्र सरकार मुस्लिम समुदाय के निजी मामलों में हस्तक्षेप करना चाहती है जिसका हर स्तर पर विरोध किया जाएगा। बोर्ड के सचिव जफरयाब जिलानी ने सम्मेलन के समापन के बाद रविवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संस्था का महिला विंग मुस्लिम औरतों के घरेलू व शिक्षा संबंधी मामलों पर विचार करेगा। सम्मेलन में ऑल इंडिया मुस्लिम वोमेन हेल्पलाइन शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। टोलफ्री यह हेल्पलाइन उर्दू और अंग्रेजी समेत आठ क्षेत्रीय भाषाओं में शुरू की जाएगी। इस पर घरेलू व अन्य मामलों के समाधान पर सुझाव दिया जाएगा। बोर्ड के सदस्य कमल फारूकी ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार उत्तर प्रदेश के चुनाव में तीन तलाक और समान नागरिक संहिता को मुद्दा बना कर धार्मिक आधार पर वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है। इस मुद्दे पर बोर्ड सरकार के साथ बात करना चाहता है, लेकिन कोई उसकी बात सुनने को तैयार नहीं है।

Courtesy:jagran.com

No comments:

Post a Comment