ढाका (एजेंसी)। हाल ही में बांग्लादेश के दौरे पर गई इंग्लैंड की टीम के छक्के छुड़ाने वाले स्पिनर मेहदी हसन को अपने प्रदर्शन का खास इनाम मिला है। उनके प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने इंग्लैंड को दूसरे टेस्ट में हराकर इतिहास रचा और सीरीज को 1-1 से बराबर किया। अब तक खेले गए केवल दो टेस्ट मैचों में हसन ने 19 विकेट लिए हैं, जिसमें उन्होंने तीन बार पांच-पांच विकेट लिए हैं। बांग्लादेश ने इंग्लैंड को पहली बार किसी टेस्ट मैच में हराया है। बांग्लादेश ने अभी तक टेस्ट मैचों में इंग्लैंड के अलावा सिर्फ जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराया है। टेस्ट मैचों में बांग्लादेश की सिर्फ आठवीं जीत है। इस जीत की बदौलत बांग्लादेश को टीम रैंकिंग में आठ अंकों का जबरदस्त फायदा हुआ है और साथ ही बांग्लादेश के कई खिलाड़ियों को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच में शानदार जीत दिलाने वाले युवा गेंदबाज मेहदी हसन के लिए बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने नया घर बनवाने का आदेश दिया है। खबरों के अनुसार बंगलादेशी प्रधानमंत्री ने खुलना के डिप्टी कमिश्नर को आदेश दिया है कि जल्द से जल्द एक अच्छी जमीन तलाशकर उसपर एक बेहतरीन मकान बनवाया जाए जिसे मेहदी हसन को दिया जाएगा। मेहदी हसन के पिता जलाल हुसैन पेशे से एक चार ड्राइवर हैं और उनका पूरा परिवार फिलहाल खुलना के खलिश्पुर में टीन के दो कमरों के मकान में रहता है। बांग्लादेश के कई अखबारों में मेहदी हसन के घर के बारे में खबरें छपी थीं कि उनके घर तक रिक्शा भी नहीं पहुंच पाता है। इसके बाद स्थानीय अखबारों ने पीएम हसीना के नए घर की घोषणा वाली खबरें भी छापी हैं। हसन अपने इसी प्रदर्शन के बूते 28 स्थानों के फायदे के साथ 33वें स्थान पर पहुंच गए हैं। सिर्फ दो टेस्ट खेलने वाले मेहदी हसन बांग्लादेश से दूसरे टॉप गेंदबाज बन गए हैं। शकीब अल हसन उनसे ऊपर 15वें स्थान पर हैं।
Courtesy:jagran.com
No comments:
Post a Comment