Thursday, 2 February 2017

रोजर फेडरर टॉप 10 में, सानिया मिर्जा 7वें स्थान पर खिसकी

नयी दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई ओपन विजेता रोजर फेडरर अपने करियर के 18वें ग्रैंडस्लैम की बदौलत विश्व रैंकिंग में फिर से टॉप 10 में पहुंच गये लेकिन भारतीय खिलाड़ियों को उनके निराशाजनक प्रदर्शन के कारण नुकसान हुआ है जिनमें सानिया मिर्जा भी शामिल हैं जो महिला युगल रैंकिंग में 7वें स्थान पर खिसक गयी है। 

फेडरर ने कल मेलबर्न में नडाल को फाइनल में 6-4, 3-6, 6-1, 3-6, 6-3 से हराकर पांचवीं बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन का खिताब जीता था। इससे वह एटीपी की ताजा विश्व रैंकिंग में सात पायदान उपर दसवें स्थान पर पहुंच गये हैं। नडाल को तीन स्थान का फायदा हुआ है और वह छठे स्थान पर पहुंच गये हैं। आस्ट्रेलियाई ओपन के शुरू में बाहर होने के बावजूद एंडी र्मे और नोवाक जोकोविच पहले दो पायदान पर काबिज हैं लेकिन सेमीफाइनल में फेडरर से हारने वाले स्टैन वावरिंका के पायदान उपर तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं। भारतीय खिलाड़ियों का वर्ष के पहले ग्रैंडस्लैम में प्रदर्शन खराब रहा था। 

डब्ल्यूटीए की युगल रैंकिंग में एक समय शीर्ष पर काबिज रही सानिया महिला युगल में अपनी जोड़ीदार बारबोरा स्ट्रीकोवा के साथ अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही थी। इससे सानिया दो पायदान नीचे सातवें स्थान पर खिसक गयी। एटीपी युगल रैंकिंग में रोहन बोपन्ना पहले की तरह 28वें स्थान पर बने हुए हैं लेकिन दिविज शरण (60) दो पायदान, पूरव राजा (63) और लिएंडर पेस (64) एक-एक स्थान नीचे खिसके हैं। साकेत मयनेनी मुख्य ड्रा में जगह बनाने में नाकाम रहने के कारण शीर्ष 200 से बाहर हो गये हैं। वह छह पायदान नीचे खिसककर 205वें स्थान पर चले गये हैं। महिला एकल में आस्ट्रेलियाई ओपन की विजेता सेरेना विलियम्स फिर से शीर्ष पर काबिज हो गयी हैं जबकि फाइनल में उनसे हारने वाली उनकी बड़ी वीनस छह पायदान उपर 11वें स्थान पर पहुंच गयी हैं।

Source:zeenews.india.com

No comments:

Post a Comment