Wednesday, 15 February 2017

टेरीजा ने ट्रंप की ब्रिटेन यात्रा के खिलाफ अर्जी खारिज की

लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजामे ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकारी यात्रा के खिलाफ दी गई अर्जी औपचारिक रूप से खारिज कर दी। मंगलवार को खारिज की गई अर्जी पर 18 लाख लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। नियमानुसार अब ब्रिटेन की संसद में इस मुद्दे पर 20 फरवरी को चर्चा कराई जा सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अर्जी में व्यक्त विचार का समर्थन नहीं करती है।

किसी भी अर्जी पर दस लाख लोगों के हस्ताक्षर होने के बाद हाउस ऑफ कॉमन्स में चर्चा कराई जा सकती है। इसमें भी ब्रिटेन की सरकार के पास मुद्दे पर अपना रुख बरकरार रखने का अधिकार है।

टेरीजा के सरकारी जवाब में कहा गया है कि सरकार मानती है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के सरकारी दौरे को पूरा सम्मान दिया जाना चाहिए। जवाब में कहा गया है, 'एक दिन हम राष्ट्रपति ट्रंप का स्वागत करने की तरफ देख रहे हैं और इसकी व्यवस्था की जा चुकी है। महारानी की सरकार अर्जी पर हस्ताक्षर करने वालों के विचारों पर गौर कर रही है। लेकिन सरकार इसका समर्थन नहीं करती है।'

27 जनवरी को अमेरिका की यात्रा के दौरान टेरीजा ने महारानी की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को इस वर्ष के अंत तक ब्रिटेन की सरकारी यात्रा का आमंत्रण दिया था। ट्रंप ने आमंत्रण स्वीकार कर लिया। इससे अमेरिका और ब्रिटेन के बीच रिश्ते के महत्व का पता चलता है। अभी तक अमेरिका के राष्ट्रपति की यात्रा की तारीख तय नहीं हुई है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment