नई दिल्ली, प्रेट्र। देश के प्रतिष्ठित दस भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आइआइएम) में नए निदेशकों की नियुक्ति को केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सुझाए गए नामों को स्वीकार कर लिया है।
कार्मिक मंत्रालय ने एक बयान जारी कर आइआइएम में नए प्रमुखों की नियुक्ति की जानकारी दी है। इसके मुताबिक प्रोफेसर जी रघुराम अब आइआइएम बेंगलुरु के निदेशक होंगे। वह प्रोफेसर सुशील वचानी की जगह लेंगे। वर्ष 1985 से आइआइएम अहमदाबाद में पढ़ाने वाले रघुराम सितंबर, 2013 से दिसंबर, 2015 तक डीन (फैकल्टी) भी रह चुके हैं।
फिलहाल वह आइआइएम-अहमदाबाद में पब्लिक सिस्टम्स ग्रुप के अध्यक्ष हैं। आइआइएम रांची और रोहतक को भी नया प्रमुख मिला है। भारत भास्कर को आइआइएम-रायपुर का निदेशक बनाया गया है। साथ ही संबलपुर और नागपुर में स्थित प्रबंधन संस्थानों में भी नए निदेशकों की नियुक्ति की गई है। बोधगया, सीरामपुर (हिमाचल प्रदेश), विशाखापत्तनम और तिरुचिरापल्ली स्थित आइआइएम को भी नए प्रमुख मिले हैं। देशभर में 20 आइआइएम हैं।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment