पनामा सिटी, आइएएनएस। पनामा पेपर्स घोटाले से जुड़ी लॉ फर्म (कानूनी कंपनी) मोजेक फोंसेका के दो प्रमुख साझेदारों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पनामा स्थित मोजेक फोंसेका दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कानूनी कंपनी है।
समाचार एजेंसी 'एफे' के अनुसार, अधिकारियों ने रेमन फोंसेका मोरा और जर्जन मोजेक की गिरफ्तारी की है। ब्राजील के भ्रष्टाचार मामले 'लावा जाटो' (कार वाश) में इन दोनों की संलिप्तता के आरोप सामने आने के कुछ घंटों बाद ही यह कार्रवाई की गई। बचाव पक्ष के वकील इलियास सोलानो ने कहा, 'पनामा के राष्ट्रपति जुआन कार्लोस वरेला के पूर्व सहयोगी फोंसेका और मोजेक को सार्वजनिक अभियोजक कार्यालय के मुख्यालय से पुलिस हिरासत में ले जाया गया है।'
न्यायिक जांच विभाग के कार्यालय के बाहर सोलानो ने पत्रकारों को बताया कि उनके मुवक्किलों को रात भर यहां रहा गया। हालांकि उन्होंने रेखांकित किया कि कोई भी एहतियाती कदम अभी उठाए नहीं गए थे, क्योंकि अब तक कानूनी प्रक्रिया चल रही थी।
पनामा पेपर्स मोजेक फोंसेका के डाटाबेस से 11.5 लाख लीक फाइलों से जुड़ा घोटाला है। मालूम हो, पिछले साल अप्रैल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय खोजी पत्रकार संघ और 100 से अधिक मीडिया संगठनों ने मोजेक फोंसेका के लाखों दस्तावेज लीक किए थे। इससे दुनिया भर की तमाम हस्तियों के पनामा में अवैध निवेश की बात सामने आई थी।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment