Tuesday, 14 February 2017

पाकिस्तान फिर झटका, एक अौर सांसद को नहीं मिला अमेरिकी वीजा

इस्लामाबाद, प्रेट्र : डोनाल्ड ट्रंप का राज शुरू होते ही अमेरिका में पाकिस्तान के बुरे दिन शुरू हो गए। अमेरिका ने पाकिस्तान के एक और सांसद को वीजा देने से इन्कार कर दिया है। इससे एक दिन पहले ही वाशिंगटन ने पाकिस्तानी संसद सीनेट के उपाध्यक्ष मौलाना अब्दुल गफूर हैदरी को वीजा देने से मना कर दिया था। सोमवार को एक और सीनेटर ने बताया कि अमेरिकी दूतावास ने उनके वीजा आवेदन को बिना कोई उचित कारण बताए ठुकरा दिया है।

समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार, सांसद हाफिज हमदुल्ला ने कहा कि अमेरिका दूतावास के राजनयिक विभाग के भीतर उनको चार घंटे से अधिक समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ा। फिर उनको बताया गया कि उन्हें वीजा नहीं दिया जा सकता।' हमदुल्ला का यह वीजा आवेदन ठुकराये जाने की घटना पिछले साल की है। हालांकि इसकी जानकारी अब हुई है। हमदुल्ला ने कहा, 'मुझे कोई वजह नहीं बताया गया। चार घंटे के इंतजार के बाद मुझे वीजा कार्यालय ने सूचित किया कि मेरे आवेदन पर विचार नहीं हो सकता।'

रविवार को खबर आई थी कि सीनेट के उपाध्यक्ष और जमायत उलेमा इस्लाम (फाजल) के महासचिव मौलाना अब्दुल गफूर हैदरी को अमेरिका ने वीजा जारी करने से मना कर दिया। हैदरी को न्यूयॉर्क में 13-14 फरवरी को होने वाली अंतर-संसदीय संघ की बैठक में शामिल होने के लिए जाना था। वीजा नहीं मिलने से उनका प्रस्तावित दौरा रद हो गया है। वह दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे।

मालूम हो, हैदरी और हमदुल्ला दोनों का संबंध एक ही पार्टी से है। मौलाना फजलुर रहमान के नेतृत्व वाली पार्टी सत्तारूढ़ पीएमएल-एन की साझेदार है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment