नई दिल्ली। हरियाणा के संदीप कुमार ने शनिवार को दमदार प्रदर्शन करते हुए तिहरी सफलता हासिल की। राष्ट्रीय पैदल चाल चैंपियनशिप के पुरुषों की 50 किमी स्पर्धा में संदीप ने न केवल स्वर्ण पदक हासिल किया बल्कि अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए लंदन विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वॉलिफाई किया।
संदीप ने तीन घंटे 55 मिनट 59.05 सेकंड का समय निकालकर स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। इससे पहले संदीप ने तीन घंटे 56 मिनट 22 सेकंड के साथ इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया था। संदीप ने यह रिकॉर्ड मई 2014 में चीन के ताईकांग में हुए आईएएएफ विश्व रेस वाकिंग कप में बनाया था।
सेना के जितेंदर सिंह (चार घंटे दो मिनट 11.58 सेकंड) ने रजत जबकि चंदन सिंह (चार घंटे चार मिनट 18.41 सेकंड) कांस्य पदक जीता। संदीप के अलावा जितेंदर और चंदन ने भी चार से 13 अगस्त को होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वॉलिफाई कर लिया है। विश्व चैंपियनशिप के लिए पुरुष 50 किमी पैदल चाल स्पर्धा में प्रवेश का कट ऑफ टाइम चार घंटे छह मिनट था।
इस अद्भुत जीत के बाद संदीप ने कहा कि मैं आज बहुत खुश हूं। मैंने अपने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार करने के साथ विश्व चैंपियनशिप के लिए भी क्वॉलिफाई किया। इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ेगा। मैं भविष्य में भी खुद में सुधार करना और बेहतर करना जारी रखूं।
खुशबीर कौर पर मुसीबत
उधर दूसरी ओर 20 किमी पैदल चाल में शीर्ष भारतीय महिला एथलीट खुशबीर कौर और उनके पुरुष साथी मनीष सिंह रावत के अंतिम समय में प्रतियोगिता से हटने से काफी हलचल है। दोनों ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआइ) को सूचित किए बिना यह फैसला लिया। इससे एएफआइ ने उनपर और उनके कोच पर कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है। खुशबीर की अनुपस्थिति में ओएनजीसी की प्रियंका (एक घंटे 37 मिनट 58.32 सेकेंड) ने महिला 20 किमी स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। पुरुष 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी सेना के केटी इरफान ने एक घंटे 22 मिनट 43.48 सेकेंड से रेस जीती।
Source:patrika.com
No comments:
Post a Comment