Monday, 20 February 2017

सीटें बढ़ने की वजह से इस बार अधिक छात्र IIT में कर सकेंगे अपना सपना पूरा

कोलकाता (जेएनएन)। आईआईटी में इस बार पहले से अधिक सीटें होने की वजह से अधिक छात्रों का इस प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान में पढ़ने का सपना पूरा हो सकेगा। इस बार करीब 460 सीटों का इजाफा किया गया है। नए आईआईटी खुलने की वजह से इन सीटों में इजाफा किया गया है। अब आईआईटी की कुल सीटें 11032 हो गई हैं। गौरतलब है कि भुवनेश्वर, हैदराबाद, रोपड़, जोधपुर, पटना, इंदौर, मंडी और जम्मू में आईआईटी के नए शिक्षण संस्थान खोले गए हैं। इसी वजह से आईआईटी का सपना देखने वालों के लिए सीटें भी बढ़ी हैं।

सीनेट से एक बार क्लियर होने के बाद जेईई बोर्ड वर्ष 2017-18 के लिए बढ़ाई गई सीटों का एलान भी कर देगा। ज्वाइंट सीट ऐलोकेशन कमेटी के कॉ-आर्डिनेटर वाई उदयकुमार का कहना है कि आईआईटी में बढ़ी सीटें इस बात की ओर इशारा करती हैं कि आईआईटी अपने में लगातार सुधार कर रही है। इसके अलावा धारवाड़, गोवा और तिरुपति में किराए की इमारत में आईआईटी चलाई जा रही है, लिहाजा यहां पर सीटों में बढ़ोतरी नहीं की गई है।

मानव संसाधन मंत्रालय ने पिछले दिनों हुई एक बैठक में सभी शिक्षण संस्थानों को ज्वाइंट काउंसिल में हिस्सा लेने और सीटों में इजाफा करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मंत्रालय ने मौजूदा समय में स्कोप को देखते हुए भी कुछ निर्णय लिए हैं। सीटों को लेकर सीनेट 31 मार्च को अपना फैसला लेगा।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment