Friday, 4 November 2016

इंग्लैंड की स्लेजिंग का भारतीय टीम नहीं देगी जवाबः रिद्धिमान साहा

भारतीय विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने कहा है आगामी टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड यदि स्लेजिंग का इस्तेमाल करती है तो भारतीय टीम इसका जवाब नहीं देगी। 32 वर्ष के इस खिलाड़ी ने टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम की तारीफ की और इसे अपने राज्य के माहौल से बेहतर बताया।

आईएएनएस के मुताबिक साहा ने कहा, ‘‘आप प्रतिक्रिया देंगे वो उतना ही करेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ स्लेजिंग नहीं हुई। हम जानते हैं कि इंग्लैंड और आॅस्ट्रेलिया को स्लेजिंग करना पसंद है।’’

साहा ने कोच के तौर पर हमेशा उपलब्ध रहने वाले कोच अनिल कुंबले और ड्रेसिंग रूम में उनके मजाकिया व्यवहार के बारे में बताया।

साहा ने कहा, ‘‘भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल बंगाल की अपेक्षा बहुत बेहतर है।’’

साहा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘बंगाल के ड्रेसिंग रूम का माहौल बहुत गंभीर रहता है, लेकिन भारतीय टीम के साथ ऐसा नहीं है।’’

वो (कुंबले) हमेशा मागदर्शन के लिए तैयार रहते हैं। उनका मजाकिया अंदाज कमाल का है और वो ड्रेसिंग रूम में झलकता भी है, ये काफी अच्छा लगता है।’’

न्यूजीलैंड को 3-0 से शिकस्त देने में योगदान देने वाले साहा ने कहा, ‘‘हम लगातार दो टेस्ट सीरीज जीतने में सफल रहे हैं, कप्तान विराट कोहली और अनिल कुंबले के हिसाब से भी चीजें सही जा रही हैं।’’

ये विकेटकीपर अपनी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है, एक ऐसा स्टाइल जो मौजूदा पीढ़ी के क्रिकेट प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय नहीं है। लेकिन साहा इन सबकी परवाह नहीं करते हैं। उनके मुताबिक हर बल्लेबाज का अपना तरीका होता है और वो अपने इसी तरीके के जरिए मैदान पर ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताना चाहते हैं।

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, ‘‘हर एक बल्लेबाज का अपना अलग तरीका होता है। कुछ खिलाड़ी कई गेंदे खेलने के बाद भी कम रन बना पाते हैं और कई ज्यादा गेंदों का सामना नहीं कर पाते हैं। मैं बल्लेबाजी के दौरान ज्यादा गेंदे खेलना पसंद करता हूं।’’

जब उनसे इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम के आत्मविश्वास के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, ‘‘घरेलू मैदान पर हम फेवरेट हैं।’’

Courtesy:sportscafe.in

No comments:

Post a Comment