नई दिल्ली: नोट बंदी के फैसले के बाद देश में बढ़ी समस्या को देखते सरकार ने लोगों को बड़ी राहत दी है. सरकार ने ऐलान किया है कि अस्पताल, रेलवे, बस और हवाई टिकट काउंटर पर पुराने 500 और 1000 रुपये तीन दिन और चलेंगे.
साथ ही सरकार ने ये भी ऐलान किया है कि 14 नवंबर तक देशभर में कहीं भी टोल नहीं लिए जाएंगे. सरकार ने ये फैसला लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर लिया है. सरकार का कहना है कि वो स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
सरकार ने इसमें मौजूदा छूट के अलावा कुछ और सेवाओँ में भी 500 और 1000 के नोट को चलाने की अनुमति दी है. वित्त मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया है-
500 और 1000 के पुराने नोटों का इस्तेमाल कोर्ट फीस जमा करने के लिए भी किया जा सकता है.कोऑपरेटिव स्टोर्स में भी उपभोक्ता आईडी कार्ड दिखाकर इन नोटों का इस्तेमाल कर सकता है.पानी या बिजली के मौजूदा बिल और एऱियर का पेमेंट करने में भी पुराने नोटों का इस्तेमाल हो सकता है. बिल के एडवांस पेमेंट की इसका इस्तेमाल नहीं होगा.सड़क परिवहन एव राजमार्ग मंत्रालय द्वारा इस बारे में अलग से निर्देश जारी किये जाने की बात को ध्यान में रखते हुए राज्य तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल –प्लाजा पर भुगतान को छूटों के दायरे से हटा दिया जाएगा.
आपको बता दें कि 8 नवंबर की रात को प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात का ऐलान किया कि 500 और 1000 रूपये के नोट अब नहीं चलेंगे. इसके साथ ही पीएम ने ये घोषणा की थी कि सरकार दो हजार के नए नोट जारी करेगी जो अब बैंको से मिलने लगे हैं. लोगों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने इस शनिवार और रविवार बैंको के खुले होने की भी घोषणा की है. इसके साथ ही आऱबीआई ने कहा है कि कैश की कोई कमी नहीं है इसलिए लोगों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है.
इस फैसले के बाद परेशान हुए लोगों को देखते हुए वित्त मंत्रालय ने भी आज लोगों को भरोसा दिया कि उनकी मेहनत की कमाई एकदम सुरक्षित है और उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है.
Courtesy:abplive.in
No comments:
Post a Comment