चंडीगढ़: पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार छठा विश्व कबड्डी कप तीन से 17 नवंबर तक आयोजित करेगी जिसका आगाज रूपनगर में और समापन समारोह जलालाबाद में होगा।
बादल ने टूर्नामेंट की आयोजन समिति की यहां हुई बैठक में विश्व कप के कबड्डी मुकाबलों की समय सारणी को अंतिम रूप दिया जिसके तहत विश्व कप मुकाबले 14 जिलों के स्टेडियमों में कराए जाएंगे। विश्व कप में 14 विभिन्न देशों की पुरूष टीमें और महिला टीमें अपने-अपने वर्ग में खिताब के लिए भिड़ेंगी। पुरूष वर्ग की विजेता टीम को दो करोड़ रुपए और महिला वर्ग की विजेता टीम को एक करोड़ रूपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुकाबलों से पूर्व सभी खिलाडिय़ों को डोप जांच से गुजरना होगा जिसके लिए एक डोप कमेटी का भी गठन किया गया है। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री एवं पंजाब कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष सिकंदर सिंह मलूका तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Courtesy: hike. In
No comments:
Post a Comment