Sunday, 17 July 2016

पीएम मोदी को गोरखपुर में आतंकी खतरा !

गोरखपुर। आगामी 22 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोरखपुर आ रहे हैं। वे दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम के इस दौरे को लेकर खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के मुताबिक गोरखपुर में पीएम मोदी को विशेष सुरक्षा की आवश्यकता है। रिपोर्ट्स में आगाह किया गया है कि भारत-नेपाल सीमा से सटे होने के कारण पीएम का गोरखपुर दौरा बेहद संवेदनशील है और यहां उन्हें विशेष खतरा है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर पीएम की सुरक्षा के खास बंदोबस्त उनके दौरे के दस दिन पहले से ही किये जाने लगे हैं।

गोरखपुर में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर खुफिया एजेंसियां सतर्क

भारत-नेपाल सीमा से कई पाकिस्तानी नागरिकों और कुछ आतंकियों की भी गिरफ्तारी की जा चुकी है। इस खुली सीमा का पाकिस्तान द्वारा दुरूपयोग किये जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ हुए सैन्य कार्रवाई के बाद आतंकवादियों की तरफ से भी प्रतिक्रिया संभव है। ऐसे में गोरखपुर में पीएम मोदी के कार्यक्रमों को लेकर केन्द्रीय खुफिया एजेंसियां खासा सतर्कता बरत रही हैं। इसी कड़ी में भारत-नेपाल सीमा के करीबी शहर गोरखपुर में पीएम का कार्यक्रम खासा महत्वपूर्ण है। एजेंसियों की रिपोर्ट पर पीएम के रूट और उनके कार्यक्रम स्थल को इस कदर चाक-चौबंद बनाया जा रहा ताकि परिंदा भी पर न मार सके।

सर्च आपरेशन तेज

खुफिया एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर गोरखपुर पुलिस ने सर्च आपरेशन तेज कर दिया है। महानगर और आसपास के इलाकों से सटे होटलों की तलाशी ली जा चुकी है और इन पर निरंतर नजर रखी जा रही है। पीएम मोदी जिस फर्टिलाइजर कारखाने के पुन: शुभारंभ के लिए आ रहे हैं वहां आसपास के घरों की भी तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और होटल मालिकों को खासतौर पर एलर्ट किया है कि अगर कोई संदिग्ध नजर आए तो फौरन सूचना दी जाए।

भारत-नेपाल सीमा पर सतर्कता

गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, देवीपाटन समेत यूपी-बिहार के दर्जनभर जिलों की पुलिस को एलर्ट मिल चुका है। इन जिलों से सटी भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को कड़ी सतर्कता के निर्देश दिये गये हैं। सीमा पर चौकसी के अलावा संदिग्ध लोगों की तलाशी भी की जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर खास नजर

गोरखनाथ मंदिर और फर्टिलाइजर के आसपास केन्द्रीय और राज्य खुफिया एजेंसियां खास नजर रख रही हैं। मंदिर परिसर के सुरक्षा इंतजामात को लेकर भाजपा सांसद महंत योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर पुलिस के समन्वय में व्यवस्था बनाई जा रही है। परिसर में होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के आसपास सिर्फ चुनिंदा लोग रहेंगे। जनता के लिए विशेष टेलीविजेन के जरिए ही कार्यक्रम देखने की व्यवस्था बनाई गई है।

पीएम का कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 जुलाई को गोखनाथ मंदिर में ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा स्थापित करेंगे। इसके अलावा वह फर्टिलाइजिर कारखाने को पुन: संचलन की नींव रखेंगे और प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के लिए भूमि पूजन भी करेंगे। इस अवसर पर यूपी के राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के प्रतिनिधि के तौर पर कैबिनेट मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी भी मौजूद रहेंगे।

Courtesy: puriduniya. Com

No comments:

Post a Comment