Monday, 18 July 2016

भारत की दो और धरोहरें बनीं विश्व विरासत

तुर्की के इस्तांबुल में यूनेस्को की वैश्विक धरोहर कमेटी की 40वीं बैठक में इन नामों पर मुहर लगी।

नई दिल्ली, प्रेट्र। संयुक्त राष्ट्र के शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन यूनेस्को ने इस साल वैश्विक धरोहरों (व‌र्ल्ड हेरिटेज) की सूची के लिए भारत के तीनों नामांकनों को मंजूरी दे दी है। दो दिन पहले बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय के बाद रविवार को चंडीगढ़ के कैपिटल कॉम्प्लेक्स और सिक्किम के कंचनजंघा नेशनल पार्क को इस सूची में शामिल कर लिया गया। तुर्की के इस्तांबुल में यूनेस्को की वैश्विक धरोहर कमेटी की 40वीं बैठक में इन नामों पर मुहर लगी।

संस्कृति मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि पहली बार कमेटी के एक ही बैठक सत्र में किसी देश के तीन स्थलों को इस सूची में शामिल किया गया है। दो दिन पहले कमेटी ने नालंदा विश्वविद्यालय को अपने पैमानों पर खरा पाया था। इसके बाद तुर्की में तख्तापलट की नाकाम कोशिश के बीच बैठक को स्थगित कर दिया गया था। रविवार को स्थिति नियंत्रित होने के बाद कमेटी ने फिर बैठक की। संस्कृति मंत्रालय ने ट्वीट किया, 'बहुप्रतीक्षित सपना सच हुआ। चंडीगढ़ का कैपिटल कॉम्प्लेक्स अब वैश्विक धरोहर स्थल है।' एक अन्य ट्वीट में कंचनजंघा नेशनल पार्क के लिए भी मंत्रालय ने बधाई दी।

चंडीगढ़ का कैपिटल कॉम्प्लेक्स इस सूची में जगह बनाने वाला 17वां ऐसा स्थल है, जिसे फ्रेंच-स्विस आर्किटेक्ट ली कोर्बुजियर ने डिजाइन किया था। सात देशों फ्रांस, स्विट्जरलैंड, बेल्जियम, जर्मनी, अर्जेटीना, जापान और भारत में कोर्बुजियर के बनाए विभिन्न स्थलों को इस सूची में जगह दी जा चुकी है। कोर्बुजियर ने 1950 में चंडीगढ़ की योजना तैयार की थी।

कैपिटल कॉम्प्लेक्स के अलावा मैदान, पहाड़ और झीलों आदि की विविधता वाले कंचनजंघा नेशनल पार्क को इस सूची में जगह दी गई। कमेटी ने कहा कि इस जगह को लेकर कई लोककथाएं हैं। यहां कई ऐसी गुफाएं और नदियां आदि हैं, जिन्हें स्थानीय लोग पूजते हैं।

क्या है वैश्विक धरोहर

यूनेस्को दुनियाभर में विभिन्न स्थलों जैसे भवन, शहर, कॉम्प्लेक्स, मरुस्थल, जंगल, झील और पहाड़ी आदि को उनकी खास सांस्कृतिक या भौतिक विशेषता के कारण विशेष सूची में शामिल करता है। इसी को वैश्विक धरोहरों की सूची कहा जाता है। ये वैश्विक धरोहरें पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनती हैं।

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment