राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की रविवार को हुई राजस्व निरीक्षक परीक्षा का पेपर लीक हुआ था।बागपत से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी को कोचिंग संचालक ने वाट्सएप पर पेपर से दस मिनट पहले आंसर क
आगरा (जेएनएन)। राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की रविवार को हुई राजस्व निरीक्षक परीक्षा को लेकर सनसनीखेज खुलासा हुआ है। प्रदेश स्तर पर हुई परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। बागपत से परीक्षा देने आए अभ्यर्थी को कोचिंग संचालक ने वाट्सएप पर पेपर से दस मिनट पहले आंसर की भेज दी। अभ्यर्थी को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पेपर आउट कराने के नेटवर्क के पीछे बागपत के कोचिंग संचालक का नाम सामने आया है, उसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की रविवार को दो पाली में हुई परीक्षा में 28500 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भेजे गए, जिनमें से 45 फीसद ने परीक्षा दी। 57 परीक्षा केंद्रों पर हुई इस परीक्षा का पेपर पहले ही लीक हो गया। इसका खुलासा सदर के जंगजीत नगर स्थित श्रीराम इंटर कॉलेज में कानूनगो की परीक्षा देने आए बागपत के टीकरी कस्बा में दोघट निवासी संदीप जैन से हुआ।
संदीप दूसरी पाली की परीक्षा देने के बाद साढ़े तीन बजे केंद्र से बाहर निकला। बाहर आकर उसने साथी को बताया कि दस मिनट में ही परीक्षा कर ली थी। उसके पास पहले से ही पूरे जवाब थे। किसी को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ। ऐसे में उसने अपना रुतबा दिखाने को परीक्षा केंद्र पर जमा मोबाइल लिया और उसमें एक वाट्सएप ग्रुप खोलकर आंसर की दिखाई। मिलान करने पर वह सही निकली। थोड़ी देर में बात परीक्षा केंद्र से निकले सभी अभ्यर्थियों तक पहुंच गई। इसके बाद वे संदीप को लेकर कॉलेज के प्राचार्य रमाकांत मिश्रा के पास पहुंचे। मोबाइल में आंसर की देखकर वे भी चौंक गए। उन्होंने उसे पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने पूछताछ की, तो पूरा मामला खुल गया। संदीप ने बताया कि उसे परीक्षा से पहले ही बागपत के कोचिंग संचालक ने आंसर की दी थी। पुलिस उस कोचिंग संचालक के बारे में साक्ष्य जुटा रही है। इंस्पेक्टर सदर एके सिंह ने बताया कि संदीप को धोखाधड़ी और आइटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है।
बड़ौत का है कोचिंग संचालक
पेपर लीक में जिस कोचिंग संचालक की भूमिका है, वह अनुज राठी है। छात्र से उसके कोचिंग सेंटर का नाम नहीं पता चल सका है। पेपर लीक रैकेट में और कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
Courtesy: jagran. Com
No comments:
Post a Comment