Saturday, 23 July 2016

गाली के बदले गाली: मायावती के खिलाफ दया शंकर की मां ने दर्ज कराया केस

नई दिल्ली: गाली के बदले गाली देने के मामले में दयाशंकर की मां की ओर से मायावती समेत बीएसपी के कई बड़े नेताओं पर FIR दर्ज हो गई है. दयाशंकर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि गालियों से परिवार सदमे में है और उनकी 12 साल की बेटी दहशत और सदमे से बीमार हो गई है.

किस किस के खिलाफ दर्ज हुआ केस

दया शंकर की मां की तहरीर पर हजरतगंज थाने में बसपा सुप्रीमो मायावती, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, रामअचल राजभर, मेवालाल गौतम समेत कुछ और बीएसपी नेताओं के खिलाफ 120B, 153A, 504, 506 और 509 धाराओं में केस दर्ज कराया गया है.

मायावती ने किया कार्यकर्ताओं का बचाव

मायावती ने अपने कार्यकर्ताओं का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने दयाशंकर को महिला के अपमान का अहसास कराने के लिए अपशब्द कहे. जिससे वो आगे कभी ऐसा शब्दों का प्रयोग ना करें. मायावती ने कहा कि अगर दयाशंकर की मां, पत्नी और बेटी मीडिया में उनके बयान की निंदा करते तो उऩके खिलाफ कुछ नहीं होता.

सबक सिखाने लिए क्या कत्ल कर देंगे: स्वाति सिंह

दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह ने कहा अगर बसपा के लोग मेरा कत्ल कर दे और कहें कि सबक सिखाने के लिए किया तो क्या मायावती तब भी उनका समर्थन करेंगी. स्वाति सिंह ने कहा, ”उनके परिवार को क्यों निशाना बनाया जा रहा है. आखिर, उनकी 12 साल की बेटी, 80 साल की मां और उनकी क्या गलती है ? उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है और उन्हें सुरक्षा चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि उनका वास्ता कभी राजनीति से नहीं रहा तो उनके परिवार की महिलाओं को क्यों निशाना बनाया जा रहा है.”

बैकफुट पर चल रही बीजेपी भी मुखर

इस मामले में अबतक बैकफुट पर चल रही बीजेपी भी मुखर होने लगी है. बीजेपी कह रही है कि हमने गाली देने के आरोपी नेता के खिलाफ कार्रवाई की है अब बीएसपी भी कार्रवाई करे. हालांकि, मायावती अपने कार्य़कर्ताओं के प्रदर्शन को सही ठहराने पर अड़ी हुई हैं. ऐसे में इस मसले पर राजनीति गरमा रही है और आज यूपी में पीएम भी पहुंचने वाले हैं.

Courtesy: abplive. In

No comments:

Post a Comment