Sunday, 31 July 2016

एक-दो साल में स्वदेशी मिसाइल बनाने लगेगा भारत- पर्रिकर

रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की मानें तो अगले एक-दो साल के अंदर भारत स्वदेशी तकनीक का प्रयोग कर मिसाइल बनाना आरम्भ कर देगा।

पणजी (प्रेट्र/आइएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने शनिवार को कहा कि भारत एक-दो साल में स्वदेशी तकनीक से मिसाइल बनाना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि डीआरडीओ के वैज्ञानिक स्वदेशी मिसाइल तकनीक विकसित करने के काफी करीब पहुंच गए हैं। आइआइटी गोवा के नए खंड का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि इस सिलसिले में लगभग 95 फीसद काम हो चुका है।

इससे पहले दिन में पर्रीकर ने पुणे में वायुसेना के लापता विमान में सवार फ्लाइट लेफ्टिनेंट कुणाल बारपते के परिजनों से भेंट की। इस घटना पर शोक जताते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि एएन-32 वायुसेना के सबसे सुरक्षित और मजबूत विमानों में एक था। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की मैं खुद निगरानी कर रहा हूं।

इस बीच, लापता विमान की खोज में भारत ने अमेरिका से मदद मांगी है। भारत ने उससे यह पता लगाने को कहा है कि क्या उसके उपग्रहों ने एएन-32 विमान की कोई तस्वीर भी ली थी? उल्लेखनीय है कि वायुसेना का परिवहन विमान इसी महीने की 22 तारीख को लापता हो गया था।

आमिर के बयान का उड़ाया मजाक

असहिष्णुता को लेकर कुछ समय पहले बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान के दिए गए बयान का रक्षा मंत्री मनोहर पर्रीकर ने मजाक उड़ाया है। आमिर का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा, 'एक अभिनेता ने कहा था कि उसकी पत्नी भारत छोड़ना चाहती है। इस बयान में अहंकार था। यदि मैं गरीब हूं और मेरा घर छोटा है, तब भी मैं इससे प्यार करूंगा।' पत्रकार नितिन गोखले की सियाचिन पर लिखी किताब का विमोचन करते हुए उन्होंने यह बात कही।

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment