Sunday, 17 July 2016

बदरीनाथ हाइवे बंद, 500 यात्रियों को यात्रा पड़ावों पर रोका

ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भारी बारिश के चलते भूस्खलन से लामबगड़, कंचनगंगा व पिनौला में अवरुद्ध हो गया। करीब 500 यात्री इन यात्रा पड़ावों रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

गोपेश्वर, [जेएनएन]: ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भारी बारिश के चलते भूस्खलन से लामबगड़, कंचनगंगा व पिनौला में अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से यात्रियों को विभिन्न यात्रा पड़ावों पर ही रोका है। ऐसे में करीब 500 यात्री इन यात्रा पड़ावों रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश से ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग चमोली व नंदप्रयाग के बीच बाजपुर, चमोली-बदरीनाथ के बीच लामबगड़, कंचनगंगा व पिनौला में अवरुद्ध हो गया था।

बाजपुर व लामबगड़ में बीआरओ ने सुबह ही हाइवे को खोलने के बाद वाहनों की आवाजाही चालू कर दी थी। इसके बाद लामबगड़ में फिर से मलबा आने से हाईवे अवरुद्ध हो गया। पिनौला व लामबगड़ में बदरीनाथ हाइवे दिनभर अवरुद्ध रहा। बदरीनाथ क्षेत्र में तेज बारिश का दौर सुबह से जारी है। 
सुरक्षा के लिहाज से बदरीनाथ, पाडुकेश्वर, जोशीमठ में तकरीबन 500 यात्रियों को रोका गया है। सीमा सड़क संगठन की ओर से बंद रास्तों को खोलने का कार्य किया जा रहा है। लगातार बारिश के कारण सड़क से मलबा हटाने में दिक्कतें आ रही हैं।

सीमा सड़क संगठन के कमांडर आर सुब्रमण्यम ने कहा कि हाईवे को खोलने के लिए मशीनें व मजदूर तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाइवे को खोल दिया जाएगा। इधर, दूसरी ओर चमोली केदारनाथ हाइवे पर कांचुलाखर्क के पास सड़क पर आए भारी भरकम पेड़ को दूसरे दिन भी नहीं हटाया जा सका। इससे इस सड़क पर यात्री वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। 

Courtesy: jagran. Com

No comments:

Post a Comment