Thursday, 1 June 2017

फरजाद गैस फील्ड: ईरान की भारत को धमकी

संजय दत्ता/सचिन पराशर, नई दिल्ली
फरजाद बी गैस फील्ड को लेकर ईरान ने भारत को धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि इस गैस फील्ड को विकसित करने के लिए वह रूसी तेल कंपनियों से करार कर सकता है। गौरतलब है कि भारतीय कंपनियों ने फरजाद बी गैस फील्ड का पता लगाया था और इसे विकसित करने को लेकर ईरान से कुछ मतभेद हो गए थे जिसके बाद भारत की ओर से ईरान से तेल खरीदारी में कटौती करने के बारे में विचार किया जा रहा था।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के तेल मंत्री बिजान जंगानेह ने कहा है कि अगर भारतीय कंपनी संतोषजनक ऑफर नहीं देती हैं तो ईरान रूसी कंपनियों से करार करेगा।

हालांकि भारतीय अधिकारियों ने ईरानी अथॉरिटीज द्वारा दिए गए बयान को खारिज किया है और कहा है कि दोनों देश गैस फील्ड को विकसित करने में भारत की भूमिका को लेकर सकारात्मक रुख रखते हैं। लेकिन सूत्रों का कहना है कि ईरान कुछ समय से इस आइडिये पर काम कर रहा है कि गैस ब्लॉक का एक बड़ा हिस्सा अन्य देशों की कंपनियों को दे दिया जाए और भारतीय कंपनियों के लिए थोड़ा सा हिस्सा छोड़ा जाए।

वैसे भौगोलिक और राजनीतिक मोर्चे पर दोनों देशों के बीच ठीक संबंध है लेकिन गैस फील्ड को अलॉट करने को लेकर दोनों के बीच पिछले कुछ समय से गतिरोध पैदा हुआ है। 2008 में ओएनजीसी विदेश लिमिटेड ने इस गैस फील्ड का पता लगाया था। भारत चीन के बाद ईरान का दूसरा सबसे बड़ा तेल आयातक देश है। ईरान पर परमाणु कार्यक्रम के चलते लगे प्रतिबंधों के समय भी भारत ने उससे तेल आयात करना जारी रखा था। प्रतिबंध हटने के बाद ईरान ने तेल और गैस की बेहतर कीमत के लिए थोड़ा आक्रामक रुख अपना लिया है, जबकि भारत अपनी कंपनियों के पक्ष में उदार व्यवहार की उम्मीद कर रहा है। और यही वजह है कि सरकारी कंपनी ओएनजीसी को गैस फील्ड आवंटित न होने की प्रतिक्रिया में भारत ने ईरान से तेल आयात में कमी करने का निर्णय लिया था।

Source:indiatimes.com

No comments:

Post a Comment