लॉस एंजिलिस, पीटीआई। बॉलीवुड कलाकार अमिताभ बच्चन, आमिर खान, प्रियंका चोपड़ा, ऐश्वर्या राय बच्चन, फिल्मकार गौतम घोष और बुद्धदेब दासगुप्ता को ऑस्कर अकादमी से न्योता मिला है। इनका नाम उन 774 लोगों की सूची में शुमार है, जिन्हें अकादमी का हिस्सा बनने और ऑस्कर के लिए वोट देने को आमंत्रित किया गया है।
'अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंस' की वेबसाइट के अनुसार 2017 में 57 देशों से लोग आमंत्रित हैं। इनमें 39 फीसद महिलाएं और 30 फीसद अश्वेत लोग हैं। बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान, इरफान खान, दीपिका पादुकोण, 'मानसून वेडिंग' के परिधान डिजाइनर अर्जुन भसीन, लेखक सूनी तारापोरवाला और डॉक्यूमेंट्री निर्माता आनंद पटवर्धन भारत से आमंत्रित किए गए अन्य लोगों में शामिल हैं।
सूची में शाहरुख खान का नाम नहीं है। अकादमी की अध्यक्ष शेरिल बूने इसाक्स ने कहा, 'हम अकादमी के नए वर्ग को आमंत्रित कर गौरवान्वित हैं। यह सुनिश्चत करना हम पर निर्भर करता है कि नए चेहरों और आवाजों को सुना एवं देखा जाए। नई पीढ़ी को उसी तरह मौका दिया जाना चाहिए, जैसे कभी किसी ने हमें दिया था।' अकादमी से आमंत्रित लोगों की सूची में 19 वर्षीय इल फानिंग सबसे युवा और 95 वर्षीय बेट्टी ह्वाइट सबसे उम्रदराज हैं।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment