Friday, 16 June 2017

भारत का यह वैज्ञानिक हो सकता है देश का राष्ट्रपति, शिवसेना ने रखा प्रस्ताव

नई दिल्ली (एएनअाई)। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर चल रही उठापटक के बीच शिवसेना ने अाज अपना पत्ता खोल दिया। शिवसेना ने  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सुझाव दिया है कि यदि मोहन भागवत को देश का राष्ट्रपति नहीं बना सकते तो वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत का राष्ट्रपति बनाया जाए।

शिव सेना नेता संजय राउत ने बताया कि पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को एमएस स्वामीनाथन के नाम का सुझाव दिया है। 

वहीं, दूसरी अोर राष्ट्रपति चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह व एम वेंकैया नायडू अाज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा नेताअों ने राष्ट्रपति उम्मीदवार का नाम नहीं बताया बल्कि हमसे ही पूछा की किसे राष्ट्रपति बनाया जाए। नायडू पहले ही एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल और बसपा के सतीश चंद्र मिश्रा से भी बात कर चुके हैं।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड्गे ने एएनआई को बताया कि इस मीटिंग में हुई चर्चा को पार्टी के अन्‍य सदस्‍यों और चुनाव के लिए गठित उपसमिति के साथ बांटा जाएगा। हम सबके मत को विचाराधीन रखेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के समर्थन देने की बात को खारिज करते हुए खड्गे ने बताया कि सेक्युलर पार्टी होने के नाते कांग्रेस के विचार से राष्ट्रपति पद के लिए भागवत उपयुक्त उम्मीदवार नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘हम सेक्‍युलर पार्टी हैं। हम कभी मोहन भागवत को व अन्य पार्टियों को समर्थन नहीं देंगे। उनका नाम शिवसेना की ओर से प्रस्तावित किया गया है। हम नहीं जानते कि उनका भाजपा के साथ क्या संबंध हैं। हम सेक्युलर पार्टी से उम्मीदवार का चयन करेंगे।'

गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 12 जून को गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री अरुण जेटली और नायडू को समिति में नियुक्त किया था जिससे कि राष्ट्रपति चुनाव में सर्वसम्मत उम्मीदवार चुनने के लिए विपक्षी दलों से बात की जा सके। वेंकैया नायडू ने गुरुवार को एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार और टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू से भी बात की। चंद्रबाबू ने वेंकैया से कहा है कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णय के साथ खड़ी है। वहीं पवार ने कहा है कि वह आगे की बातचीत के लिए अगले कुछ दिन दिल्ली में है।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment