Friday, 23 June 2017

विश्व टीम शतरंज: भारतीय पुरुष और महिला टीम ने मिस्र को हराया

खांती मिंस्क(रूस), प्रेट्र। भारत की पुरुष और महिला टीमों ने विश्व टीम शतरंज चैंपियनशिप में कम रैंकिंग वाले मिस्र को हरा दिया। हालांकि पुरुष टीम ने सभी चार बोर्ड पर बेहतर रैंकिंग वाले खिलाड़ी होने के बावजूद आश्चर्यजनक रूप से 1.5 अंक गंवाए। इसके बावजूद टीम लगातार तीसरी जीत दर्ज करने में सफल रही, जिससे उसके संभावित नौ में से छह अंक हो गए हैं। पुरुष टीम अब टूर्नामेंट में छठे स्थान पर आ गई है।

ग्रैंडमास्टर बी अधिबान ने फावदी अधहम को हराया, जबकि विदित गुजराती, मुरली कार्तिकेयन और परिमार्जन नेगी ने क्रमश: हेशाम अब्दलरहमान, अब्देलनबी इमेद और फराहत अली से ड्रॉ खेले। इस बीच रूस ने नार्वे को 3-1 से हराकर नौ अंकों के साथ एकल बढ़त बना ली है। नार्वे को अपने विश्व विजेता खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन की कमी खली, जिनकी नामौजूदगी में टीम को हार का सामना करना पड़ा।

महिला चैंपियनशिप में ग्रैंडमास्टर द्रोणवल्ली हरिका को वफा के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा, लेकिन तानिया सचदेव, इशा करावडे और एस विजयलक्ष्मी ने बाकी तीन बाजियां जीतकर भारत को 3-1 से जीत दिला दी। इस जीत के बाद भारतीय टीम सात अंक के साथ तीसरे स्थान पर है। रूस और यूक्रेन आठ अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment