Monday, 19 June 2017

अमेरिका में 40 साल बाद पिता से मिली बेटी

वाशिंगटन, प्रेट्र। अमेरिका में 63 साल के अल अन्नुनजिता के लिए वास्तव में यह फादर्स डे खुशियां लेकर आया। वह पहली बार अपनी 40 साल की बेटी जिल जस्टमोंड से मिले। दोनों की पहली मुलाकात 11 जून को हुई और पिता ने कहा, 'अब मैं तुमको कभी जाने नहीं दूंगा।'

कोलोराडो के लिटिलटन की जस्टमोंड ने बताया कि उसने तीन अप्रैल को अपने 40वें जन्मदिन पर फेसबुक के जरिये पिता अन्नुनजिता को खोजा। उसे जब यह पता चला कि जिन्हें वह अपना माता-पिता समझती आ रही थी, वास्तव में वे उसके नाना-नानी हैं। यह पता चलने पर वह अपने पिता की तलाश में जुट गई। जस्टमोंड ने कहा, 'मेरी मां ने परवरिश के लिए मुझे अपने सौतेले पिता और मां को सौंप दिया था। जब मैं दस साल की हुई, तब मुझे पता चला कि वे मेरे माता-पिता नहीं हैं।

इसके बाद मुझे पता चला कि जिसे मैं अपनी सौतेली बहन समझती थी वह वास्तव में मेरी मां है। मैंने अपनी बायोलाजिकल मां लिंडा से अपने पिता के बारे में पूछा।' तब उन्होंने बताया कि वह व्यक्ति अल हो सकते हैं। मैं जब उनसे मिली थी, तब वह नियरी नामक बार में काम करते थे। वह इतालवी हैं। इसके बाद जस्टमोंड ने न्यूजर्सी के पैलिसेड पार्क इलाके में रहने वालों के लिए फेसबुक पर कई संदेश पोस्ट किए। इसी इलाके में 1970 के दशक में यह बार स्थित था। इसके बाद वह फेसबुक के जरिये अन्नुनजिता तक पहुंच बनाने में सफल हुई। इसके बाद अन्नुनजिता ने 24 अप्रैल को पितृत्व जांच कराई। इसका नतीजा 99 फीसद खरा रहा कि वह जस्टमोंड के बायोलाजिकल पिता हैं। अब दोनों पिता-पुत्री इस साल क्रिसमस लॉस वेगास में मनाने की योजना बना रहे हैं।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment