ह्यूस्टन, प्रेट्र। नासा ने अंतरिक्ष मिशन के लिए भारतवंशी लेफ्टिनेंट कर्नल राजा ग्रिंडर चारी समेत 12 नए अंतरिक्षयात्रियों को चुना है। इन्हें धरती की कक्षा और अंतरिक्ष मिशन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इनका चयन रिकार्ड 18300 आवेदकों में से किया गया है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी की ओर से चुने गए अंतरिक्षयात्रियों में सात पुरुष और पांच महिलाएं हैं। नासा ने पिछले दो दशक में यह सबसे बड़ा समूह चयनित किया है। दो साल के प्रशिक्षण के बाद नए अंतरिक्षयात्रियों को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर शोध और नासा के नए ओरियन स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष मिशन पर भेजा जा सकता है। उपराष्ट्रपति माइक पेंस और नासा के कार्यकारी प्रशासक राबर्ट लाइटफूट ने ह्यूस्टन में स्थित जॉनसन स्पेस सेंटर में इनके नाम की घोषणा की।
चुने गए अंतरिक्षयात्रियों में छह सैन्य अधिकारी, तीन वैज्ञानिक, दो डॉक्टर और एक स्पेसएक्स का इंजीनियर है। नए अंतरिक्षयात्री के तौर पर चुने गए 39 वर्षीय चारी 461वें फ्लाइट टेस्ट स्क्वाड्रन के कमांडर और कैलिफोर्निया में स्थित एडवर्ड एयरफोर्स बेस के एफ-35 इंटीग्रेटेड टेस्ट फोर्स के निदेशक भी हैं। वह आयोवा के वाटरलू में रहते हैं।
उन्होंने ग्रेजुएशन की पढ़ाई यूएस नेवल टेस्ट पायलट स्कूल से की और एमआइटी से एयरोनॉटिक्स में मास्टर की डिग्री ली है। उनके पिता श्रीनिवास चारी हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग करने के बाद अमेरिका में जाकर बस गए थे।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment