Thursday, 22 June 2017

अहमदाबाद में 55,000 लोगों ने एक साथ योग कर बनाया विश्व रिकॉर्ड

राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग गुरु बाबा रामदेव के सान्निध्य में करीब 55,000 लोगों ने अहमदाबाद में एक ही स्थान पर योग करके गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉ‌र्ड्स में नाम दर्ज कराया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी और अन्य इसमें शामिल हुए। इसके अलावा योगस्थल पर 21 अन्य विश्व रिकॉर्ड दर्ज हुए।

गुजरात सरकार और पतंजलि योगपीठ की ओर से जीएमडीसी मैदान पर 18 से 21 जून तक आयोजित योग शिविर में पांच लाख से अधिक लोगों को योग कराने का लक्ष्य रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मैदान में बाबा रामदेव के साथ 54522 महिला-पुरुषों ने योग करके रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले 21 जून 2015 को दिल्ली में राजपथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 35,985 लोगों ने योग करके यह रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि बाबा रामदेव ने करीब तीन लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया।

अहमदाबाद के अलावा, सूरत, राजकोट, वडोदरा, मेहसाणा, नवसारी, वलसाड आदि शहरों में ढाई सौ से अधिक स्थलों पर भी योग के कार्यक्रम आयोजित हुए। गिनीज बुक ऑफ व‌र्ल्ड रिकॉ‌र्ड्स की टीम ने गांधीनगर पहुंचकर सीएम रुपाणी को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र सौंपा। इसके अलावा सबसे अधिक 4050 बार सूर्य नमस्कार करने का रिकॉर्ड पतंजलि के ही योग शिक्षक देवेंद्र ने तथा चंद्रमोहन नेगी ने बनाया।

अयोध्या के महेशयोगी ने 51 घंटे योग करके नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले 32 घंटे योग करने का रिकार्ड 2015 में कुं यसमीन ने बनाया था। मधुबनी के रवि व्योमशंकर झा ने तीन घंटे 33 मिनट 33 सेकंड पद्मासन करके, आदित्य सिंह ने 157 पुशअप करके, छत्तीसगढ़ की छात्रा गायत्री ने एक घंटे 40 मिनट शीर्षासन करके और राजस्थान के सीकर की मनीषा कुमावत ने जूनियर वर्ग में 51 मिनट शीर्षासन करके रिकॉर्ड कायम किया।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment