Wednesday, 21 June 2017

वर्ल्‍ड बैंक व एडीबी के इंकार के बावजूद पाक में बांध का निर्माण करेगा चीन

नई दिल्‍ली (जेएनएन)। पाकिस्‍तान ने सोमवार को दावा किया कि चीन ने सिंधु नदी पर बांध प्रोजेक्‍ट के निर्माण की पेशकश की है जिसपर भारत ने आपत्‍ति जतायी है और इस प्रोजेक्‍ट के लिए फंड देने से वर्ल्‍ड बैंक व एडीबी भी इंकार कर चुकी है।

डायमर भाषा डैम प्रोजेक्‍ट के बारे में जानकारी पाकिस्‍तान संचालित पावर यूटिलिटी ने सोमवार को दी। इस माह के शुरुआत में पाकिसतन के योजना मंत्री अहसन इकबाल ने रायटर्स को एक इंटरव्‍यू में बताया था कि पाकिस्‍तान को चीन से इस प्रोजेक्‍ट के लिए फंड मिलने की उम्‍मीद है।

डायमर भाषा बांध प्रोजेक्‍ट के लिए वर्ल्‍ड बैंक व एशियन डेवलपमेंट बैंक दोनों ने ही फंड देने से इंकार कर दिया है क्‍योंकि इसके लोकेशन को लेकर भारत ने आपत्‍ति जतायी है। यह बांध गिलगिट बाल्‍टिस्‍तान क्षेत्र में है। भारत का दावा है कि यह क्षेत्र कश्‍मीर में आता है।

पाकिस्‍तान संचालित पावर यूटिलीटी के चेयरमैन मुजामिल हुसैन ने कहा था कि फिलहाल सीपीईसी में कोई बड़ा हाइड्रो पावर प्रोजेक्‍ट नहीं है इसलिए पाकिस्‍तान और चीन डायमर-भाषा को इसका हिस्‍सा बनाने के लिए गंभीर हैं। दो साल पहले वर्ल्‍ड बैंक ने इस प्रोजेक्‍ट के लिए फंडिंग से इंकार कर दिया था क्‍योंकि पाकिस्‍तान भारत से नो ऑब्‍जेक्‍शन सर्टिफिकेट नहीं लेना चाहता था और गत नवंबर में एडीबी ने भी फंडिंग से इंकार कर दिया।

गत दिसंबर माह में पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने 4500 मेगावाट के डायमर-भाषा प्रोजेक्‍ट के फिनांशल प्‍लान को मंजूरी दी थी। उन्‍होंने अपने वाटर एंड पावर सेक्रेटरी से इस साल के अंत से पहले बांध पर काम शुरू करने की तैयारी के लिए कहा। डायमर-भाषा बांध की घोषणा 2006 में पहली बार हुई थी और 2011 में इसके लिए नींव रखी गयी।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment