दोहा, एएनआइ। कतर से कूटनीतिक संबंध खत्म करने के बाद सऊदी अरब ने एक आतंकी सूची जारी की है। इसमें 59 लोगों और 12 संगठनों के नाम हैं, जिनके कतर से संबंध हैं। सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और बहरीन की ओर से जारी साझा बयान में कहा गया है कि यह सूची कतर से जुड़ी है और इससे कतर की नीति का दोहरापन झलकता है। इन अरब देशों ने आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए ही कतर से किनारा कर लिया है।
बयान में कहा गया है कि कतर एक ओर आतंकवाद से लड़ने की घोषणा करता है तो दूसरी ओर अलग-अलग आतंकी संगठनों की मेजबानी करता है। सूची में कम से कम ऐसे दो नाम हैं, जिनको अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकियों की फंडिंग करने वाला बताया गया है। हालांकि यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट की पहले की रिपोर्ट में कहा गया था कि कतर ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। उन दो लोगों के नाम साद अल काबी और अब्द अल लतीफ अल कावरी है।
वहीं मिस्र ने आरोप लगाया है कि कतर ने आइएस से जुड़े आतंकी संगठन को कथित रूप से बड़ी फिरौती दी थी। कतर के शाही परिवार के सदस्य को इराक में आतंकी गुट ने बंधक बना रखा था, जिसको छुड़ाने के एवज में कतर ने आंतकी संगठन को फिरौती दी थी। मिस्र ने संयुक्त राष्ट्र से इसकी जांच कराने को कहा है।
सूची में शामिल कतर के 18 लोगाें में बिजनेसमैन, नेताओं के साथ सत्ता परिवार के वरिष्ठ सदस्य भी शामिल हैं। इस बीच आपको बता दें कि कतर विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब समेत कुछ अरब देशों द्वारा कूटनीतिक संबंध खत्म किए जाने पर अफसोस जताया है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस खाड़ी संकट को सुलझाने को सामने आए हैं। उन्होंने इस संबंध में कतर के अमीर को भी फोन कर कहा कि अमेरिका मध्यस्थता के लिए तैयार है।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment