नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एफडीआई, जीएसटी और इकनॉमिक ग्रोथ को अपने तीन साल के कार्यकाल की उपलब्धियां बताई हैं। उन्होंने प्रफेशनल्स की सोशल मीडिया वेबसाइट लिंक्डइन पर एक आलेख में तीन साल के दौरान उनकी सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर रोशनी डाली है।
उन्होंने कहा कि 2013 से एफडीआई में बड़ी उछाल आई है। 2013 में एफडीआई 34,487 बिलियन डॉलर यानी करीब 22 लाख अरब रुपये थी जो रेकॉर्ड उछाल के साथ अब 61,724 बिलियन डॉलर यानी करीब 40 लाख अरब रुपये है।
उन्होंने कहा कि भारत को अब वैश्विक अर्थव्यवस्था में चमकता सितारा के रूप में देखा जा रहा है। भारत में व्यापार करने को आसान बनाया गया है। टैक्स व्यवस्था को काफी स्थिर और सुचारू बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी से भी बड़ा फायदा होने जा रहा है।
उन्होंने कहा, 'जब हमने मई 2014 में कार्यभार संभाला था, उस समय देश कई चुनौतियों का सामना कर रहा था। सरकार और सरकारी संस्थानों में से लोगों का विश्वास खत्म हो चुका था। भारत में निवेश करने की कोई संभावना नहीं दिख रही थी। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अथॉरिटीज की मनमानी चरम पर थी।'
उन्होंने कहा, 'हमारी पहली प्राथमिकता इस माहौल को बदलना थी, जिसे हमने पिछले तीन सालों में अंजाम दिया है।' उन्होंने कहा कि सरकार के सकारात्मक रिजल्ट्स दृष्टिगोचर हैं।
पीएम मोदी ने अंत में लिखा है, 'हमारा लक्ष्य नया भारत है जिसकी शक्ति हमारे युवाओं का कौशल और प्रतिभा होगी। पिछले तीन सालों में मजबूत बुनियाद तैयार हुई है और हम प्रगति की नई ऊंचाई छूने जा रहे हैं।' अपने इस आलेख के साथ उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के प्रदर्शन को दर्शाने वाले ग्राफिक भी लगाए हैं।
Source:indiatimes.com
No comments:
Post a Comment