वाशिंगटन, एएफपी : अमेरिका और ईरान के बीच फिर तल्खी बढ़ने लगी है। बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण और अमेरिकी पहलवानों को प्रतिबंधित करने से तिलमिलाए अमेरिका ने ईरान के दो दर्जन से ज्यादा प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई से भी इन्कार नहीं किया है।
मिसाइल परीक्षण के तुरंत बाद अमेरिका ने ईरान के लिए चेतावनी जारी की थी। ईरान ने उसे खारिज करते हुए उकसावे वाला कदम करार दिया था। साथ ही मिसाइल कार्यक्रम जारी रखने की भी बात कही। इससे खफा ट्रंप सरकार ने गुरुवार को ईरान के खिलाफ नए सिरे से प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए थे। इसी क्रम में शुक्रवार को उक्त प्रतिबंधों की घोषणा कर दी गई।
दरअसल, मिसाइल परीक्षण पर विवाद थमा भी नहीं था कि ईरान ने शुक्रवार को फ्रीस्टाइल कुश्ती विश्व कप में हिस्सा लेने वाले अमेरिकी पहलवानों के दल के प्रवेश पर रोक लगा दी। इससे दोनों देशों के बीच कटुता और बढ़ गई। 'इरना' न्यूज एजेंसी ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बहराम गसेमी के हवाले से यह जानकारी दी।
उनके मुताबिक विशेष समिति ने अमेरिकी कुश्ती टीम की ईरान यात्रा की समीक्षा की थी, जिसमें इसका पुरजोर विरोध किया गया। ट्रंप सरकार की ओर से सात देशों पर लगाए गए वीजा प्रतिबंध में ईरान भी शामिल है। ईरान के इस कदम को बदले की कार्रवाई माना जा रहा है। इस सप्ताह के शुरुआत में ईरान ने जवाबी कदम उठाने की बात भी कही थी।
Source:jagran.com
No comments:
Post a Comment