Friday, 3 February 2017

डोभाल को रिपोर्ट करने वाले एनएससीएस के बजट में हुई 10 गुना वृद्धि

नई दिल्ली (जेएनएन)। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल को रिपोर्ट करने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) के बजट में इस वर्ष 10 गुना वृद्धि की गयी है। पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान एनएससीएस को 33 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जबकि उसने 81 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इस साल के बजट में एनएससीएस को 333 करोड़ रुपये आवंटित हुए हैं।

एनएससीएस एक सलाहकार समूह के रूप में काम करता है जिसमें सुरक्षा से संबंधित मामलों पर विभिन्न विशेषज्ञ शामिल रहते हैं और इसके मुखिया राष्ट्रीय उप सुरक्षा सलाहकार अरविंद गुप्ता हैं। यह संस्था महत्वपूर्ण रणनीतिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर प्रधानमंत्री को सलाह देती है। इनमें घरेलू मुद्दों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मुद्दे भी शामिल रहते हैं हैं।

सुरक्षा मामलों से संबंधित मुद्दों पर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के पास रहता है और जो एनएससीएस के सुधार को लेकर बेहद सक्रिय हैं। एनएससीएस, पूर्व एनएसए बृजेश मिश्रा की देन है। बृजेश मिश्रा ने 1998 में बाजपेयी सरकार के दौरान एनएससीएस की स्थापना की थी। 2011-12 में एनएससीएस को केवल 17.43 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। 2012-13 में इसमें थोड़ी वृद्धि कर 20.33 करोड़ किया गया और 2013-14 में इसका बजट बढ़कर 26.06 करोड़ रुपये हो गया।

केंद्र में मोदी सरकार के आने के बाद 2014-15 में इसका बजट बढ़ाकर 44.46 करोड़ किया गया लेकिन इसमें से केवल 25 करोड़ रुपये ही खर्च हो पाए थे।

Source:jagran.com

No comments:

Post a Comment