Tuesday, 1 November 2016

पुंछ और राजौरी में पाकिस्तान ने किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, सेना का एक जवान शहीद

पुंछ (जम्मू) : पाकिस्तानी सैनिकों ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों और मोर्टार गोलों का इस्तेमाल कर भारतीय चौकियों और गांवों को निशाना बनाया जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया और दो महिलाएं घायल हो गयीं।

सेना की उत्तरी कमान के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘राजौरी सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन का जवाब भारी गोलीबारी के साथ दिया जा रहा है। एक जवान शहीद हो गया।’ पुंछ सेक्टर में गोलीबारी में दो महिलाएं घायल भी हो गयीं जिनमें से एक की हालत गंभीर है।

पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जे एस जौहर ने बताया, ‘दो महिलाएं घायल हो गयीं। उनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जीएमसी) जम्मू में भर्ती कराया गया है।’ पाकिस्तानी सैनिकों ने आज सुबह से दोनों सीमावर्ती जिलों में भारतीय चौकियों और गांवों पर गोलीबारी करके संघषर्-विराम उल्लंघन किया था।

सेना के एक अधिकारी ने कहा, ‘पाकिस्तानी सैनिक बालकोट सेक्टर में 120 मिमी और 82 मिमी के मोर्टारों, स्वचालित एवं छोटे हथियारों के जरिए सुबह नौ बजे से बिना किसी उकसावे के गोलाबारी कर संघर्ष-विराम उल्लंघन में संलिप्त हैं।’ उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक गोलीबारी का उचित तरीके से और करारा जवाब दे रहे हैं।

अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम चौकियों और असैन्य इलाकों पर गोले दागे एवं गोलाबारी की। उन्होंने दोपहर में राजौरी जिले के कई इलाकों में भी संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया। नियंत्रण रेखा के पास मनकोट और बालाकोट इलाकों में गोलियां और मोर्टार बम दागे गए।

कल रात नौ बजे के बाद से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शांति थी। इससे पहले पाकिस्तान ने संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया था।

उन्होंने छोटे हथियारों और मोर्टारों के इस्तेमाल से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए सीमा सुरक्षा बल की चौकियों और असैन्य इलाकों को निशाना बनाया था। इन हमलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित सांबा, कठुआ और जम्मू जिलों को निशाना बनाया गया, जिसके कारण बीएसएफ को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।

भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों के खिलाफ किए गए 29 सितंबर के सर्जिकल हमलों के बाद से अब तक नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से 60 से ज्यादा बार संघर्ष-विराम उल्लंघन किया जा चुका है। इन घटनाओं में तीन नागरिक और आठ सुरक्षा कर्मी मारे जा चुके हैं तथा 40 से ज्यादा लोग घायल हुये हैं। घायलों में अधिकतर आम नागरिक हैं।

सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक (जम्मू फ्रंटीय): धमेद्र पारिक ने कहा, ‘कल रात आरएस पुरा सेक्टर में गोलीबारी की कोई खबर नहीं थी। कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में एक इलाके में रात आठ बजे से पहले गोलीबारी हुई थी।

Courtesy:india.com

No comments:

Post a Comment